Homeक्राइमछत्तीसगढ़ में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: पुलिस ने पकड़ी 5 करोड़...

छत्तीसगढ़ में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: पुलिस ने पकड़ी 5 करोड़ की गांजा का खेप, नागालैंड पासिंग, ओडिशा से लोड, राजस्थान था ठिकाना…

कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस को नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। कवर्धा पुलिस ने एक कंटेनर वाहन से करीब 9 क्विंटल 900 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराज्यीय बाजार में कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। तस्करों ने गांजे की इस भारी खेप को कंटेनर के भीतर बनाए गए खुफिया चैंबर में छिपा रखा था, ताकि किसी को भनक तक न लगे।

जानकारी के मुताबिक, चिल्फी पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि एक कंटेनर वाहन में गांजे की बड़ी खेप छिपाकर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने संभावित मार्गों पर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान संदिग्ध कंटेनर को रोका गया और उसकी गहन तलाशी ली गई।

शुरुआती जांच में कंटेनर खाली नजर आया, जिससे कुछ समय के लिए पुलिस को भी शक हुआ कि कहीं सूचना गलत तो नहीं। लेकिन सतर्क जवानों की नजर कंटेनर के निचले हिस्से पर पड़ी, जहां असामान्य बनावट दिखाई दी। जब उस हिस्से की जांच की गई तो एक खुफिया चैंबर मिला।

खुफिया चैंबर खोलते ही पुलिस के होश उड़ गए। अंदर 30 बड़े-बड़े बोरे रखे थे, जिनमें गांजा भरा हुआ था। प्रत्येक बोरी का वजन लगभग 30 किलो था। जब पूरी खेप को बाहर निकालकर तौला गया तो कुल 9 क्विंटल 900 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

कबीरधाम एसपी के अनुसार, जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपये है। यह छत्तीसगढ़ में हाल के समय की बड़ी बरामदगियों में से एक मानी जा रही है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस कंटेनर से गांजा ले जाया जा रहा था, उस पर नागालैंड पासिंग का बोर्ड लगा था। प्रारंभिक पूछताछ में ड्राइवर ने स्वीकार किया कि गांजा ओडिशा से लोड किया गया था और इसे राजस्थान ले जाया जा रहा था।

पुलिस ने कंटेनर चालक अयाज खान, निवासी भरतपुर (राजस्थान) को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ जारी है। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों—गांजा सप्लाई करने वाले और इसे प्राप्त करने वाले लोगों—की पहचान करने में जुटी है।

प्रारंभिक जांच से यह मामला एक बड़े अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। ओडिशा से गांजा लोड कर नागालैंड पासिंग वाहन के जरिए राजस्थान तक पहुंचाने की योजना इस बात का संकेत देती है कि तस्कर पुलिस को गुमराह करने के लिए कई स्तरों पर रणनीति बना रहे थे।

पुलिस अधिकारियों का दावा है कि ड्राइवर से मिली जानकारी के आधार पर जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

कबीरधाम पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, जिससे न केवल करोड़ों रुपये की अवैध खेप जब्त हुई है, बल्कि एक संगठित तस्करी तंत्र पर भी करारा प्रहार हुआ है।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts