बिलासपुर/मुंगेली।
छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने मुंगेली जिले के सुरही रेंज में पदस्थ रेंजर पल्लव नायक और डिप्टी रेंजर मनीष श्रीवास्तव को ₹50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया है और पूरे मामले को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता को कुछ समय पहले वन विभाग ने जंगल क्षेत्र में चार पहिया वाहन के साथ एयर गन लेकर घूमते हुए पकड़ा था। इस दौरान फोटो और वीडियो के आधार पर उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई थी। बताया जा रहा है कि इसी प्रकरण में आगे की कार्रवाई को प्रभावित करने और जल्द चालान पेश करने के नाम पर दोनों अधिकारियों ने ₹50 हजार की रिश्वत की मांग की थी।
पीड़ित ने इस मांग की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) से की। शिकायत की पुष्टि के बाद ACB की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। निर्धारित योजना के अनुसार जैसे ही दोनों अधिकारियों ने रिश्वत की राशि स्वीकार की, टीम ने मौके पर दबिश देकर उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के बाद ACB की टीम मौके से नकदी, दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना के बाद मुंगेली सहित आसपास के क्षेत्रों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है, वहीं वन विभाग के भीतर भी हलचल देखी जा रही है। यह कार्रवाई एक बार फिर साबित करती है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ एजेंसियां सक्रिय हैं, लेकिन ऐसे मामलों का सामने आना सिस्टम की पारदर्शिता और जवाबदेही पर गंभीर सवाल भी खड़े करता है।


