बिलासपुर। शहर में तेज रफ्तार का एक और खौफनाक नजारा शुक्रवार देर रात सामने आया। सकरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कानन पेंडारी के पास रात करीब 11 बजे एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि रेलिंग का लोहे का सरिया टूटकर बाइक सवार दो युवकों के पेट में आर-पार घुस गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों के रोंगटे खड़े हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक युवक के पेट में लोहे का सरिया अभी भी फंसा हुआ है, जबकि दूसरे युवक वेदांत (लगभग 25 वर्ष) के पेट में घुसा सरिया टक्कर के दौरान बाहर निकल गया। दोनों गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है। वहीं बाइक पर सवार तीसरे युवक को सामान्य चोटें आई हैं और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस जवानों ने बेहद मुश्किल परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्य करते हुए घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और बिना समय गंवाए सिम्स अस्पताल पहुंचाया। समय पर मिली मदद से घायलों का इलाज तुरंत शुरू हो सका।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बाइक की तेज रफ्तार और अनियंत्रित होना दुर्घटना की मुख्य वजह मानी जा रही है। हालांकि सकरी पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
यह हादसा एक बार फिर साबित करता है कि तेज रफ्तार कुछ ही सेकंड में जिंदगी को मौत के मुहाने पर पहुंचा सकती है। सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी और लापरवाही का खामियाजा अक्सर इसी तरह के दर्दनाक हादसों के रूप में सामने आता है।


