Advertisement
ज़िला प्रशासननगर निगमबिलासपुर

अरपा नदी को संवारने एक जगह समा गया पूरा बिलासपुर  “अरपा उत्थान“ अभियान में उमड़ा जन सैलाब…

बिलासपुर। अरपा के संवर्धन और विकास के लिए जिला प्रशासन, नगर निगम और स्मार्ट सिटी द्वारा आयोजित “ अरपा उत्थान“ अभियान में आज शहर का जैन सैलाब उमड़ पड़ा। अरपा की सफाई और शहर को स्वच्छ रखने 10 हजार से ज्यादा लोगों ने छठघाट में श्रमदान कर इस आयोजन के साक्षी बने।

दो दिवसीय अरपा उत्थान अभियान में शामिल होने शहरवासियों का उत्साह सुबह 5.30 से ही छठघाट पर देखने को मिला। लोग स्वस्फुर्त छठघाट पहुंचने लगे। सुबह से लोगों की भीड़ उमड़नी शुरू हो चुकी थी, सबका मकसद एक था अरपा नदी को उसके मूल स्वरूप में वापस लाना है। सुबह 6 बजे से श्रमदान कार्यक्रम शुरू हुआ। जन सहयोग से लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में जिला प्रशासन व नगर निगम ने लोगों से अपील की थी, जिसके फलस्वरूप बिलासपुरियंस ने आज अरपा नदी की सफाई की और वहां मौजूद जलकुंभियों को निकाला। इससे पूर्व आयोजन स्थल पर रजिस्ट्रेशन काउंटर बनाएं गए थे जहां स्वयंसेवकों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया और उन्हें स्वच्छता किट उपलब्ध कराया गया। दो दिवसीय इस अभियान को सफल बनाने में सामाजिक संगठनों की अहम भूमिका रही। इसमें आर्ट आफ लिविंग, आर्चिंस ग्रुप, अरपा अर्पण महाभियान, धिती फाउंडेशन, हैंड्स ग्रुप, दावत ए आम, एनिमल प्रोडक्शन, अभिभावक संघ, टीम ख्वाब प्रमुख रूप से शामिल रहें। इसके अलावा क्रेडाई द्वारा रिवर व्यू के पास 5 जेसीबी और हाईवा वाहनों द्वारा नदी में जमे सिल्ट को हटाया गया। आज के इस कार्यक्रम में जिले के सभी विभागीय कर्मचारी उपस्थित थे।

निगम कमिश्नर पांडेय ने संभाला था मोर्चा

जन सहयोग से हुए इस सफल रिकार्डतोड़ आयोजन की तैयारी में विगत कई दिनों से निगम कमिश्नर प्रभाकर पाण्डेय के नेतृत्व में निगम और स्मार्ट सिटी की टीम जुटी हुई थी, जिसमें आयोजन की तैयारियों के साथ आमजन की उपस्थिति सुनिश्चित कराने में मुख्य भूमिका रही।

20 हाईवा जलकुंभी और 10 ट्रैक्टर में निकाला गया सिल्ट

सफाई अभियान के दौरान जलकुंभी और सिल्ट को हटाने निगम द्वारा 7 जेसीबी और 20 हाईवा ट्रक का इंतजाम किया गया था, जिसमें जन सहयोग से 20 हाईवा जलकुंभी निकाला गया और लगभग 10 ट्रैक्टर से वर्षों से जमे सिल्ट को भी नदी से हटाया गया।

इसे भी पढ़े… बिलासपुर: शहर विधायक शैलेश पाण्डेय, सिम्स अस्पताल का किया निरीक्षण…

नुक्कड़ नाटक और पेंटिंग के ज़रिए दिया संदेश

कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक के ज़रिए लोगों को पर्यावरण और स्वच्छता एवं वाटर हार्वेस्टिंग को लेकर आर्चिन्स ग्रुप द्वारा संदेश दिया गया। इसके अलावा स्कूली बच्चों द्वारा “मेरे मन की अरपा“ को लेकर पेंटिंग्स भी बनाए गए, जिसमें अरपा को लेकर जागरूकता संदेश था।

सेल्फी जोन और पौधे के वितरण

अभियान में लोगों को प्रोत्साहित करने छठघाट में सेल्फी जोन बनाया गया था, जहां श्रमदान करने आए लोगों ने सेल्फी लिया और शपथ ली की साल में कम से कम 10 पौधे अपने आस-पास लगाएंगे। इसके लिए प्रशासन द्वारा लगभग 7 हजार पौधों का वितरण किया गया।

नेत्रहीन बच्चियों ने गाया अरपा पैरी के धार

कार्यक्रम में स्मार्ट सिटी द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें रायपुर से आए राग बैंड के नेत्रहीन बच्चियों ने अपनी प्रस्तुति दी। अरपा के प्रति भावनाएं और संवेदना व्यक्त करते हुए इन मासूम कलाकारों ने अरपा पैरी के धार जैसी गीतों से उपस्थित लोगों का उत्साहवर्धन किया।

जनप्रतिनिधि भी हुए शामिल

जन सहयोग से किए जाने वाले इस कार्यक्रम में जिले के लगभग सभी जनप्रतिनिधियों ने अरपा नदी में उतर कर सफाई की। इस अभियान में सांसद अरूण साव, महापौर किशोर राय, विधायक शैलेष पाण्डेय, मस्तुरी विधायक कृष्णमूर्ति बांधी, बेलतरा विधायक रजनीश सिंह, कांग्रेस महामंत्री अटल श्रीवास्तव समेत सभी पार्षद मौजूद रहें।

इसे भी पढ़े… बिलासपुर: जनप्रतिनिधियों के सुझावों के साथ शासन को भेजा जायेगा नगर निगम सीमा वृद्धि का प्रस्ताव…शैलेष बोलें…

कलेक्टर,ननि आयुक्त सफाई करने उतरे नदी में

“अरपा उत्थान “ कार्यक्रम में कलेक्टर संजय अलंग और निगम कमिश्नर प्रभाकर पाण्डेय नदी में उतरकर लोगों के साथ मिलकर जल कुंभी और कचरे को निकाले। काफी समय तक प्रशासनिक अधिकारी नदी सफाई करते रहे। इस दौरान निवृतमान कमिश्नर टी सी महावर और नवनियुक्त एसपी प्रशांत अग्रवाल भी उपस्थित रहे।

वाटर हार्वेस्टिंग मॉडल को लोगों ने समझा

अभियान के दौरान शहर के जल स्तर को बनाए रखने के लिए वाटर हार्वेस्टिंग मॉडल भी रखा गया था। छठघाट सामुदायिक भवन में निगम द्वारा वाटर हार्वेस्टिंग बनाया जा रहा है, जिसे देखने व समझने के साथ अपने घरों में निर्माण कराने कलेक्टर डा. संजय अलंग व कमिश्नर प्रभाकर पाण्डेय ने उपस्थित लोगों से अपील की।

अभियान का समापन आज

दो दिवसीय अभियान का आज समापन होगा। 12 जून को नियत समय सुबह 6 से अभियान शुरू होगा। कलेक्टर डा. संजय अलंग व कमिश्नर प्रभाकर पाण्डेय ने अरपा की सफाई के लिए श्रमदान करने के लिए अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने शहरवासियों से अपील की है।

error: Content is protected !!