Homeक्राइमशराब दुकान के पास चाकू से गोदकर ऑटो चालक की हत्या, बिलासपुर...

शराब दुकान के पास चाकू से गोदकर ऑटो चालक की हत्या, बिलासपुर में फिर दहली सड़क, घटना के बाद आरोपी फरार…

बिलासपुर। शहर में चाकूबाजी की एक और सनसनीखेज वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। देवरीखुर्द शराब दुकान के पास आपसी विवाद के दौरान एक ऑटो चालक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान बल्ला साहू, निवासी गदा चौक देवरीखुर्द के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शराब दुकान के पास किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद मामला देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। इसी दौरान आरोपी ने बल्ला साहू पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस आपसी विवाद को हत्या की वजह मानकर जांच आगे बढ़ा रही है।

शराब दुकान के आसपास हुई इस वारदात ने एक बार फिर ऐसे इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शराब दुकान के आसपास आए दिन विवाद और मारपीट की घटनाएं सामने आती रहती हैं, लेकिन इसके बावजूद आपराधिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है।

फिलहाल तोरवा थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस आरोपी की पहचान और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ, इसका खुलासा पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगा।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts