Homeबिलासपुरट्रांसफार्मर फेल: बिजली गुल और अघोषित कटौती से श्रीराम पार्क में हाहाकार—विद्युत...

ट्रांसफार्मर फेल: बिजली गुल और अघोषित कटौती से श्रीराम पार्क में हाहाकार—विद्युत विभाग के खिलाफ सड़क पर उतरने की चेतावनी…

बिलासपुर। तिफरा क्षेत्र की श्रीराम पार्क कॉलोनी में पिछले तीन-चार दिनों से मुख्य ट्रांसफार्मर खराब होने और लगातार अघोषित बिजली कटौती से लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आ गया है। बिजली संकट से परेशान कॉलोनीवासियों ने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू के नेतृत्व में विद्युत वितरण कंपनी के कार्यपालन अभियंता (D.E.) को ज्ञापन सौंपकर तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगाने और विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की।

रहवासियों का कहना है कि मुख्य ट्रांसफार्मर फेल होने के बाद पूरी कॉलोनी में बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। लगातार बिजली बंद रहने से पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है, बच्चों की पढ़ाई बाधित है और बुजुर्गों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद विद्युत विभाग समस्या का स्थायी समाधान नहीं कर पाया है।

बिजली संकट को लेकर कॉलोनीवासियों में इस कदर नाराजगी है कि अब विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि बिजली जैसी बुनियादी सुविधा के लिए उन्हें लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है। ट्रांसफार्मर खराब होने के बावजूद उसे तत्काल बदलने की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी और बढ़ गई है।

वार्ड पार्षद गायत्री लक्ष्मीनाथ साहू ने विद्युत विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं की गई और अघोषित कटौती पर रोक नहीं लगी तो कॉलोनीवासी सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन और प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।

ज्ञापन के माध्यम से रहवासियों ने विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। अब लोगों की निगाहें विद्युत विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि जल्द राहत नहीं मिली तो श्रीराम पार्क का बिजली संकट आने वाले दिनों में आंदोलन का रूप ले सकता है।

इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू, शहर कांग्रेस महामंत्री महेश ठाकुर, अमित सिंह, धर्मेंद्र तिवारी, बी.एल. सोनी, प्रेमनारायण सिंह, एस.एस. चंदेल, एडवोकेट वैभव शुक्ला, शिव श्रीवास, शरद यादव, शशांक गौरव सहित श्रीराम पार्क कॉलोनी के प्रमुख नागरिक एवं क्षेत्रीय निवासी उपस्थित रहे।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts