बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक घर के भीतर पति-पत्नी के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले। दोनों की मौत की खबर सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को फंदे से उतरवाकर जांच शुरू कर दी।
मृतकों की पहचान रमेश सिंह बंजारा (35) और उनकी पत्नी माया बंजारा (30) के रूप में हुई है। रमेश सिंह बंजारा मूल रूप से अनूपपुर जिले के जामकछार, मध्यप्रदेश का रहने वाला था। वह अपनी पत्नी माया के साथ सिरगिट्टी के नयापारा में रहकर जीवन-यापन कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह दोनों के घर के भीतर फांसी पर लटके होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच शुरू की तो दोनों के शव एक ही फंदे पर मिले। दंपती की एक साथ हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
आखिर ऐसा क्या हुआ कि पति-पत्नी ने एक साथ यह कदम उठा लिया? क्या दोनों किसी पारिवारिक परेशानी से जूझ रहे थे? आर्थिक तंगी या आपसी विवाद इसकी वजह था? या फिर घटना के पीछे कोई और कहानी छिपी है? फिलहाल इन सवालों का जवाब पुलिस के पास भी नहीं है।
पुलिस को घटनास्थल से ऐसी कोई स्पष्ट वजह नहीं मिली है, जिससे मौत के कारणों की पुष्टि हो सके। लिहाजा पुलिस आसपास रहने वाले लोगों, परिचितों और मृतकों से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है। दंपती के पारिवारिक और व्यक्तिगत जीवन से जुड़ी परिस्थितियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
घटना की जानकारी मृतकों के स्वजन को दे दी गई है। स्वजन के पहुंचने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही मौत की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर संभावित पहलू की जांच कर रही है। दंपती की मौत से पहले उनके बीच क्या चल रहा था और आखिर किस परिस्थिति में दोनों ने एक साथ जान देने जैसा कदम उठाया, यह अभी रहस्य बना हुआ है। पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ ही इस रहस्यमयी मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।


