Homeक्राइमअंबेडकर प्रतिमा से छेड़छाड़, जांच में सामने आई चौंकाने वाली वजह; शहर...

अंबेडकर प्रतिमा से छेड़छाड़, जांच में सामने आई चौंकाने वाली वजह; शहर की कई प्रतिमाओं को निशाना बनाने वाली महिला की तलाश में पुलिस…

बिलासपुर। जीडीसी कॉलेज के सामने स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़ की सूचना ने शुक्रवार सुबह शहर में हड़कंप मचा दिया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अपराध दर्ज किया और अज्ञात आरोपी की पहचान के लिए पुलिस टीम को सक्रिय कर दिया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामले को लेकर एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि शहर में घूमने वाली एक मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला द्वारा अलग-अलग स्थानों पर लगी प्रतिमाओं के साथ इसी तरह की छेड़छाड़ किए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद पुलिस ने महिला की तलाश तेज कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना 4 सितंबर 2026 की सुबह मिली थी। जीडीसी कॉलेज के सामने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ अज्ञात व्यक्ति द्वारा छेड़छाड़ किए जाने की जानकारी मिलते ही थाना सिविल लाइन में तत्काल अपराध पंजीबद्ध किया गया। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में जांच शुरू कर संदिग्ध की पहचान के प्रयास किए।

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को जानकारी मिली कि संबंधित महिला पहले भी शहर की विभिन्न प्रतिमाओं के आसपास घूमती देखी गई है और उनके साथ इसी तरह की छेड़छाड़ करने की बात सामने आई है। अब पुलिस महिला की तलाश कर रही है, ताकि पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।

पुलिस का कहना है कि महिला के मिलने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही उसकी मानसिक स्थिति को देखते हुए उसे उपचार के लिए सेंदरी स्थित मानसिक चिकित्सालय में भर्ती कराया जाएगा।

घटना के बाद पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि मामले की जांच जारी है और प्रतिमा से छेड़छाड़ के पीछे वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस की टीम महिला की तलाश के साथ-साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

फिलहाल अंबेडकर प्रतिमा से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है। महिला के पकड़े जाने के बाद यह भी स्पष्ट हो सकेगा कि शहर की अन्य प्रतिमाओं के साथ हुई छेड़छाड़ की घटनाओं में उसकी क्या भूमिका रही है।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts