
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के पुलिस महकमे में हुए बड़े प्रशासनिक फेरबदल ने बिलासपुर पुलिस की व्यवस्था में भी अहम बदलाव कर दिया है। राज्य शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने 30 अक्टूबर 2026 को एक साथ 33 पुलिस अधिकारियों के तबादले का आदेश जारी कर दिया। इस फेरबदल में बिलासपुर की यातायात व्यवस्था सबसे ज्यादा चर्चा में है। अब तक ट्रैफिक व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे एएसपी रामगोपाल करियारे को कोरबा जिले के कटघोरा भेज दिया गया है। उनकी जगह रिया मिश्रा बिलासपुर की नई एएसपी ट्रैफिक होंगी। वहीं, डीएसपी रमेश चंद्र को भी यातायात विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यानी बिलासपुर में यातायात व्यवस्था की कमान अब नए अधिकारियों के हाथों में होगी।
गृह विभाग के इस आदेश के बाद बिलासपुर पुलिस के यातायात महकमे में नेतृत्व परिवर्तन हो गया है। रिया मिश्रा अब तक 16वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, नारायणपुर में पदस्थ थीं। शासन ने उन्हें वहां से स्थानांतरित कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात), जिला बिलासपुर की जिम्मेदारी सौंपी है। दूसरी ओर, बिलासपुर में एएसपी ट्रैफिक के रूप में काम कर रहे रामगोपाल करियारे को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कटघोरा), जिला कोरबा पदस्थ किया गया है।
इस बदलाव के साथ ही यातायात विभाग में डीएसपी स्तर पर भी नई नियुक्ति की गई है। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में डीएसपी मुख्यालय की जिम्मेदारी संभाल रहे रमेश चंद्र को बिलासपुर का डीएसपी ट्रैफिक बनाया गया है। इससे साफ है कि शासन ने बिलासपुर की यातायात व्यवस्था में एक साथ एएसपी और डीएसपी स्तर पर नई टीम को जिम्मेदारी सौंपी है।


