Friday, March 13, 2026
Homeबिलासपुरमुख्यमंत्री बघेल ने 60 महीने बनाम 60 दिन का हवाला देते हुए...

मुख्यमंत्री बघेल ने 60 महीने बनाम 60 दिन का हवाला देते हुए मोदी और रमन सिंह पर साधा निशाना…लोकसभा प्रत्याशी अटल के लिए किसानों से मांगा वोट और सपोर्ट…

बिलासपुर। बिलासपुर लोकसभा में ताबड़तोड़ 4 सभाएं करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मोदी और रमन सिंह पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की तरह राष्ट्रीय स्तर पर बनेंगी गरीबों और किसानों के कल्याण के लिए योजनाएं। कांग्रेस प्रत्याशी अटल श्रीवास्तव के लिए किसानों सहित सभी वर्गों का आह्वान करते हुए कहा कि पूरी ताकत से विकास के लिए चाहिए आप सभी का वोट और सपोर्ट।

प्रदेश सरकार के मुखिया मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेश बघेल ने सोमवार को बिलासपुर लोकसभा में 4 सभाएं कर कांग्रेस के पक्ष में जमकर वातावरण बनाया। बिलासपुर लोकसभा की पहली सभा बिल्हा विधानसभा के पथरिया के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित हुई। सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि इस प्रदेश में 15 सालों तक भाजपा की रमन सरकार रही लगातार किसान आत्महत्या कर रहे थे, गरीब और गरीब होता जा रहा था, बेरोजगारी लगातार बढ़ती रही थी, नक्सलवाद अपनी चरम पर था और सरकार सो रही थी। कांग्रेस के सरकार में आते ही किसानों को 25 सौ रुपए प्रति क्विंटल धान का समर्थन मूल्य मिला, लाखों रुपए के उनके कर्ज माफ हुए, बिजली बिल हाफ हुआ, 5 हार्स पॉवर तक के ट्यूबबेल फ्री किये गए। आदिवासी भाइयों को वन अधिकार पट्टा दिए गए, वनोपज में समर्थन मूल्य की घोषणा की गई, बस्तर में आदिवासियों की हजारों एकड़ जमीन लौटाई गई मात्र 60 दिनों में जब इतने काम हो सकते हैं तो 15 सालों में कितने जनहित के काम हो सकते थे कितने गरीबों के आंसू पूछे जा सकते थे, कितने किसानों का भला किया जा सकता था। लेकिन रमन सरकार कमीशन खोरी और भ्रष्टाचार में लिप्त रही, प्रशासनिक आतंकवाद अपने चरम पर था, गरीब और आम आदमी की सुनने वाला कोई नहीं था। अब यह काम इसलिए हो रहे हैं क्योंकि यह सरकार छत्तीसगढ़ीयों की सरकार है, आप सब की सरकार है, जनता की सरकार है। अब आपको दिल्ली में भी सरकार बनाने के लिए कांग्रेस प्रत्याशी को अपना समर्थन और आशीर्वाद देकर विजयी बनाना है जिससे हम सब राहुल गांधी जी के नेतृत्व में और तेजी से काम कर सकें। प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ शिव डहरिया ने कहां की छत्तीसगढ़ के विकास में केंद्र की भाजपा सरकार बाधक बन रही है, किसानों के हित में भूपेश भैय्या के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जो कार्य करना चाहती है उसके लिए केंद्र की मोदी सरकार हमारा पैसा रोक रही है कटौती कर रही है आप सभी को पूरी ताकत से छत्तीसगढ़ विरोधी मोदी सरकार को उखाड़ फेंकना है। सभा को मुंगेली जिलाध्यक्ष आत्मा सिंह क्षत्री, विजय केशरवानी, राजेंद्र शुक्ला, व्यास नारायण द्विवेदी, जागेश्वरी वर्मा, अंबालिका साहू, आदि ने भी संबोधित किया। सभा का संचालन घनश्याम वर्मा ने व आभार प्रदर्शन ब्लॉक अध्यक्ष नेतराम साहू ने किया।

मुंगेली जिले की पथरिया की सभा के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से बिलासपुर जिले की कोटा विधानसभा के करगी कला गांव में सभा को संबोधित करने पहुंचे मुख्यमंत्री को अपने पास पाकर क्षेत्र के लोगों, किसानों और कांग्रेसियों का उत्साह दुगना हो गया सभी का अभिवादन स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश में तीन चौथाई बहुमत से सरकार बनाने पर सभी का आभार प्रकट करते हुए बधाई दी और कोटा क्षेत्र में मिली हार को सबक बताते हुए कहा कि आजादी के बाद से कभी हम कोटा से नहीं हारे लेकिन इस बार जो हार हमें यहाँ परिस्थितियों के कारण मिली है उसको सुधारने का मौका तुरन्त मिल गया है। आप सभी को पूरी ऊर्जा से केन्द्र की भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकना है। कोटा क्षेत्र का कोई भी काम नहीं रुकेगा। कांग्रेस की सरकार में कोटा क्षेत्र के हमारे नेता स्व. राजेन्द्र प्रसाद शुक्ला जी के सपनों को पूरा करने का क्रम जारी रहेगा। मंत्री शिव डहरिया ने कोटा क्षेत्र से भाजपा सरकार ने पंद्रह वर्षो तक सौतेला व्यवहार किया है, आप सब लोकसभा चुनाव में इस चुनौती को स्वीकार करते हुए कांग्रेस को बढत दिलाइये वो भाजपा और उनके सहयोगी दोनों के लिए सबक होगा। सभा का संचालन जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी ने किया वहीं विभोर सिंह, अरुण सिंह चौहान, संदीप शुक्ला, आदित्य दीक्षित, अरुण त्रिवेदी, आदि ने भी संबोधित किया।

बेलतरा विधानसभा के पौंसरा ग्राम में आयोजित सभा में बिलासपुर क्षेत्र के लोकसभा प्रत्याशी अटल श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे जिनका कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने जोरदार उत्साह से स्वागत किया। स्वागत सभा स्थल पहुंचे बड़ी संख्या में किसानों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि पहली बार ऐसा प्रधानमंत्री देखा है जो कभी खुद को चायवाला बताता है, कभी खुद को फकीर बताता है, कभी गंगा का बेटा बन जाता है तो कभी चौकीदार बन जाता है, कभी 10 लाख का सूट पहनता है, कभी दो हजार करोड़ की विदेश यात्राएं कर लेता है। कभी विज्ञापन के नाम पर 4 हजार 6 सौ करोड रुपए लुटा देने वाला फकीर आपने देखा है? गांव के गरीबों किसानों को ऐसे चौकीदार की आवश्यकता नहीं है, ऐसे चौकीदार की आवश्यकता मेहुल चौकसी, विजय माल्या और अंबानी जैसे लोगों को होती है। यह चौकीदार इन्हीं लोगों के लिए चौकीदार का काम कर रहा है जनता का चौकीदार नहीं बल्कि अपने उद्योगपति मित्रों के लिए चोरी करने वाला चौकीदार है। सभा को अपने चुटकुले अंदाज में संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि किसानों की कर्ज माफी, धान का समर्थन मूल्य ₹25 सौ प्रति क्विटल, 5 हॉर्स पावर तक ट्यूबबेल की बिजली मुफ्त, घरों के बिजली बिल हाफ, छोटे प्लाटों की बिक्री, 15 वनोपज को समर्थन मूल्य के दायरे में लाना, आदिवासियों को वन अधिकार के पट्टे जैसे कई कार्य हम लोगों ने 60 दिन में किए हैं। राहुल गांधी जी के निर्देश पर जैसे छत्तीसगढ़ में जो कहा सो किया सिद्ध हुआ उसी तरह केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर देश के अति गरीब 5 करोड़ परिवारों की आय प्रतिवर्ष 72000 रु तक की जाएगी। घर की महिला सदस्य के खाते में यह पैसे जमा किए जाएंगे। यह न्याय योजना भी छत्तीसगढ़ के किसानों की कर्ज माफी की तरह केंद्र में सरकार बनते ही तत्काल प्रभाव से अमल में लाने कार्य किया जाएगा। रमन और मोदी जी अपना हिसाब बताएं उनकी बुकलेट कहाँ है? रमन सिंह हमसे 60 दिनों का हिसाब मांगते हैं हिम्मत है तो अपने नेता से पांच वर्षों का हिसाब मांग कर दिखाएं। नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया ने अनुसूचित जाति जनजाति के लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस ही ऐसी पार्टी है जो सभी जाति, धर्मों के विकास और हित के बारे में सोचती है। कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी अटल श्रीवास्तव ने सभी से आशीर्वाद व सहयोग मांगते हुए कहा कि समृद्ध और संपन्न किसान और छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण के लिए दिल्ली में भी कांग्रेस सरकार बनाकर हमें पुरखों के सपनों को पूरा करना होगा। मैं आप सभी एवं मंचासीन नेताओं के कसौटी पर खरा उतर सकूं बस यही ईश्वर से कामना है। कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी ने किया वही ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष व अन्य वरिष्ठ कांग्रेसियों ने भी सभा को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शाम को नगर निगम क्षेत्र के चिंगराजपारा में आयोजित आमसभा में कांग्रेस प्रत्याशी अटल श्रीवास्तव के साथ कार से पहुंचे, सभा को संबोधित करते हुए कहा कि चित परिचित अंदाज में प्रधानमंत्री मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह और अजीत जोगी पर जमकर निशाना साधा मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने देश की आजादी से लेकर देश के निर्माण तक जो भूमिका अदा की है उस की बदौलत आज हिंदुस्तान विश्व की महान शक्ति के रूप में स्थापित हो सका है। लोकमान्य तिलक, महात्मा गांधी, गोपाल कृष्ण गोखले, पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, सरदार पटेल पर उंगलियां उठाने वाले नाथूराम गोडसे के अनुयायी अब राष्ट्रवाद व राष्ट्रभक्ति का सर्टिफिकेट बांट रहे हैं। इन लोगों ने खुद और जिनके पूर्वजों ने कभी राष्ट्र के नाम पर उंगली तक नहीं कटाई भू आज राष्ट्रवाद की बात करते हैं। वर्षों की हमारी उपलब्धि इसरो जैसे संस्थानों और वर्षो की मेहनत से तैयार मजबूत सेना के नाम पर राजनीति करते हैं। एम्स, ट्रिपल आई टी, आई.आई. एम., जैसे विश्व विख्यात संस्थानों सहित अनेक संस्थानों व उपक्रमों की स्थापना कांग्रेस और नेहरू जी जैसे महान नेताओ की देन है। बिना निमंत्रण के इमरान खान की बिरयानी खाने वाले, जवानों की शहादत से लेकर रक्षा सौदों की दलाली खाने वाले हमें राष्ट्रवाद बता रहे हैं। ऐसे लोगों को सबक सिखाने का समय आ गया है, अब देश और प्रदेश की जनता इनका सच जान चुकी है। बिलासपुर के साथ लगातार सौतेले व्यवहार और उपेक्षा पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि आप सभी ने इसका जवाब विधानसभा चुनावों में दे दिया है लेकिन बिलासपुर से कांग्रेस का सांसद चुनकर आप सभी को पूरा जवाब देना है और बिलासपुर की तस्वीर बदलनी है। कांग्रेस प्रत्याशी अटल श्रीवास्तव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिलासपुर को विगत 23 वर्षों से जो सांसद मिलते रहे हैं उनका रिमोर्ट किसी दूसरे के हाथ मे होता था अब हमें दिल्ली तक अपनी आवाज पहुंच आनी है। बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के अधिकार की लड़ाई लड़नी है इसके लिए आप सबका आशीर्वाद जरूरी है। नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया ने कहा कि बिलासपुर क्षेत्र को प्रयोगशाला नहीं बनने दिया जाएगा आप सब अटल श्रीवास्तव को दिल्ली तक पहुंचाकर राहुल जी के हाथ को मजबूत करें बाकी काम राज्य की कांग्रेस सरकार कर लेगी। तखतपुर विधायक रश्मि सिंह एवं बिलासपुर विधायक शैलेश पांडेय ने मोदी सरकार को लोकतांत्रिक मूल्यों का हास् करने वाली सरकार बताते हुए कहा कि बिलासपुर विगत 23 वर्षों से दिल्ली में अपने हक के लिए वाजिब आवाज नहीं उठा पाया है इस बार योग्य प्रत्याशी के रूप में अटल श्रीवास्तव का चयन कर बिलासपुर को उसका वाजिब हक दिल्ली से भी दिलवाना है। कार्यक्रम को ब्रिगेडियर प्रदीप यदु, बैजनाथ चंद्राकर, जिलाध्यक्ष विजय केसरवानी, विनोद साहू ने भी संबोधित किया।

उक्ताशय की जानकारी देते हुए जिला कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री एवं प्रवक्ता अनिल सिंह चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार 09 अप्रैल को सुबह रतनपुर माँ महामाया के दर्शन करेंगे ततपश्चात हेलीकॉप्टर से लोरमी में आयोजित आम सभा मे भाग लेने रवाना हो जाएंगे। कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी अटल श्रीवास्तव ने कोटा वा बेलतरा विधानसभा की दर्जनों गांव में सघन जनसंपर्क भी किया जिनमें घुटकु, निरतु सहित अन्य गांव शामिल थे। मुख्यमंत्री की सभाओं में शामिल प्रमुख कांग्रेसियों में शेख गफ्फार, भुनेश्वर यादव, रमेश कौशिक, प्रमोद नायक, अजय सिंह, वीरेंद्र साहू त्रिलोक श्रीवास, सिद्धाशु मिश्रा, स्वप्निल शुक्ला, सुनील शुक्ला आदि शामिल थे।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest
Verified by MonsterInsights