Advertisement
कांग्रेसबिलासपुरराजनीति

शैलेष पांडेय को टिकट मिलने पर शुरू नौटंकी…अटल समर्थकों ने कांग्रेस भवन में की तोड़फोड़ और गाली-गलौज… टिकट बदलने तक अनशन जारी रखने की चेतावनी… जानिए जिलाध्यक्ष केशरवानी ने क्या कहा…


बिलासपुर/ शहर विधानसभा का टिकट घोषित होते ही कांग्रेसियों में बवाल मच गया है। कांग्रेस नेता अटल श्रीवास्तव को टिकट नहीं मिलने पर कार्यकर्ताओं को इतना गुस्सा आया कि उन्होंने राहुल गांधी तक को चुनौती दे डाली। कांग्रेस भवन में तोड़फोड़ कर कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गंदी-गंदी गालियां तक दी। वे टिकट बदलने तक धरना-प्रदर्शन करने पर अड़े हुए हैं। कांग्रेसियों के इस ड्रामे से उस संकल्प की हवा निकल गई, जिसे कांग्रेस के आला पदाधिकारियों ने जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को दिलाया था। बता दें कि टिकट वितरण से पहले कांग्रेस नेताओं ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में संकल्प शिविर लगाया था। इसमें शामिल सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक साथ शपथ ली कि टिकट किसी को भी मिले, वे बगावत नहीं करेंगे। वे सिर्फ कांग्रेस के लिए काम करेंगे, क्योंकि 15 साल से कांग्रेस सत्ता से दूर है।

जिले की बिलासपुर, कोटा और बिल्हा सीट में उम्मीदवारी तय करने में कांग्रेसी नेताओं को पसीना आ गया। कई दौर की बैठकों के बाद अंतत: राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने सर्वे की रिपोर्ट के आधार पर गुरुवार दोपहर तीनों सीटों के उम्मीदवारों के नामों का एलान किया। इसमें बिलासपुर से कांग्रेस प्रवक्ता शैलेष पांडेय, कोटा से विभोर सिंह और बिल्हा से राजेंद्र शुक्ला का नाम शामिल है। जैसे ही टिकट की घोषणा हुई, अटल श्रीवास्तव के समर्थकों में नाराजगी फैल गई। कुछ ही देर में 100 से अधिक कार्यकर्ता कांग्रेस भवन पहुंच गए और नारेबारी करते हुए कुर्सियों को पटकने लगे। शीशों को तोड़ने लगे। इतने से मन नहीं भरा तो कांग्रेस भवन के अंदर और सामने कार्यकर्ता शैलेष पांडेय के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गालिंया देने लगे। इस बीच कांग्रेस भवन मे पहुंचे बड़े पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को बाहर निकाला और गेट में ताला बंद कर दिया। इसके बाद कार्यकर्ता कांग्रेस भवन के सामने धरने पर बैठ गए। उनका कहना था कि बिलासपुर से अटल श्रीवास्तव प्रबल दावेदार थे और पांच साल से चुनाव की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उनके बजाय शैलेष पांडेय को टिकट दे दिया गया। उन्होंने टिकट नहीं बदलने तक अनशन करने की चेतावनी दी है। विरोध-प्रदर्शन करने वालों में प्रदेश प्रवक्ता अभेय नरायण राय निगम के नेता प्रतिपक्ष शेख नजीरुद्दीन, पार्षद तैय्यब हुसैन, राकेश शर्मा, सीमा पांडेय आदि शामिल हैं।

पर्दे के पीछे कौन…

कांग्रेसी नेताओं को पहले ही आभास था कि टिकट नहीं मिलने पर कुछ लोग बगावत कर सकते हैं। इसलिए उन्होंने हर विधानसभा में संकल्प शिविर लगाया और दावेदारों के साथ ही पदाधिकारियों को साधने की कोशिश की। इस दौरान उन्हें संकल्प दिलाया गया कि इस बार बगावत नहीं करेंगे। टिकट किसी को भी मिले, वे कांग्रेस के सिपाही हैं और कांग्रेस के लिए काम करेंगे। टिकट घोषित होने के तुरंत बाद बिलासपुर के कांग्रेसी कार्यकर्ता कैसे नाराज हो गए। शहर अध्यक्ष नरेंद्र बोलर के मौजूदगी में ही उनके कमरे में तोड़फोड़ करने से नहीं चूके। बड़े नेताओं पर टिकट बेचने का आरोप लगाने लगे। कार्यकर्ताओं के इस खेल के पीछे आखिर कौन है, यह सवाल राजनीतिक गलियारे में तैरना लगा है। कहा जा रहा है कि अगर ऐसा ही विरोध करना था तो संकल्प क्यों लिया गया। बहरहाल, पर्दे के पीछे से खेल खिलाने वाले नेता को तो कुछ संतुष्टि मिली होगी।

अटल श्रीवास्तव के घर के सामने लगा मजमा

कांग्रेस भवन में तोड़फोड़ होने के बाद आधे कार्यकर्ता कांग्रेस भवन के सामने धरने पर बैठ गए। आधे कार्यकर्ता कांग्रेस के महामंत्री अटल श्रीवास्तव के बंगले के सामने जमा हो गए। टिकट नहीं मिलने के कारण वे आपस में चर्चा कर तलाशते रहे।

अटल के घर पहले भी हो चुकी है मीटिंग

कांग्रेस से जुड़े सूत्रों की मानें तो अटल समर्थकों का यह पहला विरोध प्रदर्शन नहीं है। इससे पहले जब कांग्रेस नेता अशोक अग्रवाल को टिकट मिलने की खबर उड़ी थी, तब देर रात उनके निवास में कांग्रेसियों की मीटिंग हुई थी। इसमें शहर के ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी भी शामिल हुए थे। बताया जा रहा है कि इसी बैठक में विरोध की रणनीति तय की गई थी। हालांकि अशोक अग्रवाल को टिकट नहीं मिला।

केशरवानी बोले- कार्यकर्ताओं की भावनाओं से नेताओं को कराएंगे अवगत

मामले में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ग्रामीण विजय केशरवानी का कहना है कि कुछ कार्यकर्ता शैलेष पांडेय को बिलासपुर से टिकट देने का विरोध कर रहे हैं। जब वे कांग्रेस भवन में नारेबाजी कर रहे थे, तब वे पहुंचे और उन्हें शांत कराया। उनके साथ बैठकर बातचीत की। उनकी भावनाओं से प्रदेश के आला नेताओं को अवगत करा दिया जाएगा।

error: Content is protected !!