Advertisement
कांग्रेसबिलासपुर

बिलासपुर कांग्रेस: महारैली में एका दिखा गए दिग्गज… कल तक जो कटे-कटे थे…वो दिखे एक साथ…विपक्षी पार्टी में मच गई है ये खलबली…


बिलासपुर/ बिलासपुर विधानसभा में कांग्रेस प्रत्याशी की रैली के बहाने ही सही, मनभेद रखने वाले कांग्रेसी नेताओं के मन मिल ही गए। कभी एक-दूसरे के खिलाफ आग उगलने वाले नेता एक जीप में नजर आए। वोटिंग से पहले कांग्रेसी नेताओं की एकजुटता कांग्रेस के लिए एक अच्छा संकेत है।

चुनाव प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेस ने शहर में माहौल बनाने की गरज से महारैली की रणनीति बनाई। शुरुआत में तो ऐसा लग रहा था कि महारैली असफल रहेगी। दरअसल, जब से कांग्रेस नेता शैलेश पांडेय को टिकट मिला है, तब से कांग्रेसी ही उनका विरोध कर रहे हैं। पहले दिन कांग्रेस महामंत्री अटल श्रीवास्तव के समर्थकों ने कांग्रेस भवन में हंगामा मचाया था। शहर अध्यक्ष के कमरे में तोड़फोड़ भी की थी। यही नहीं, कांग्रेस भवन के सामने धरने पर बैठ गए थे। वे प्रत्याशी बदलने की मांग पर अड़े हुए थे। हालांकि बड़े नेताओं की समझाइश के बाद वे शांत हो गए। इतना होने के बाद भी अटल समर्थक कांग्रेस प्रत्याशी पांडेय से दूरी बनाकर रखे हुए थे।

फिर एक दिन भरी बैठक में कांग्रेस नेता अशोक अग्रवाल और प्रत्याशी पांडेय के बीच तीखी बहस हो गई। कांग्रेस नेता अग्रवाल बैठक छोड़कर चले गए। इसके बाद से वे प्रत्याशी पांडेय के साथ नहीं दिखाई दिए थे। प्रचार युद्ध छिड़ने पर कांग्रेस प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ घर-घर दस्तक देते रहे। उनके साथ पुरानी कांग्रेसी नजर नहीं आए थे। ये अलग बात है कि पुराने कांग्रेसी खुद ही अलग होकर उनके लिए प्रचार करते दिखे। कांग्रेसी नेताओं के बीच फुट को देखकर तो यही लग रहा था कि इनके बीच मतभेद अब भी बरकरार है। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन रविवार को महारैली पर सबकी नजरें टिकी हुई थीं।

महारैली के बहाने ही सही, कांग्रेसी नेता एक धागे में पिरे हुए दिखे। दरअसल, खुली जीप में महामंत्री अटल श्रीवास्तव, अशोक अग्रवाल भी पांडेय के साथ सवार थे। वे खुद ही कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाते दिखे। रैली की सफलता के बाद राजनीतिक पंडित कयास लगा रहे हैं कि अब कांग्रेसी भेदभाव को मिटाकर बिलासपुर की किला फतह करने को एकजुट हो गए हैं। उन्हें समझ में आ गया है कि आपसी झगड़े से कुछ नहीं मिलने वाला। अगर प्रदेश में सरकार लानी है तो उन्हें एक होकर काम करना पड़ेगा।

error: Content is protected !!