Advertisement
ज़िला प्रशासननगर निगमबिलासपुर

बिलासपुर: अरपा की सफाई के लिए शहरवासियों ने उत्साह के साथ किया श्रमदान… सामाजिक संगठनों से सफाई करने कलेक्टर ने की अपील…

बिलासपुर। अरपा उत्थान अभियान के दूसरे दिन भी शहरवासियों ने उत्साह के साथ श्रमदान कर अरपा की सफाई की। इस दौरान लोगों ने अरपा के संवर्धन और विकास के लिए सतत् प्रयास करने की शपथ भी ली। अभियान को सफल बनाने के लिए कलेक्टर संजय अलंग ने सभी शहरवासियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए इसी तरह हर रविवार श्रमदान कर अरपा की सफाई करने शहर के सामाजिक संगठनों से अपील की।

कलेक्टर संजय अलंग ने कहा कि अरपा की संरक्षण व संवर्धन से ही शहर में पानी की समस्या दूर हो सकती है। इसके लिए अधिक से अधिक पौधरोपण करने और अपने घरों में वाटर हार्वेस्टिंग लगाने की कलेक्टर डा. संजय अलंग ने अपील की। निगम कमिश्नर प्रभाकर पाण्डेय ने शहरवासियों और सभी सामाजिक संगठनों को अभियान में शामिल होने और श्रमदान करने के लिए धन्यवाद दिया। कमिश्नर पाण्डेय ने कहा कि अरपा की सफाई इसी तरह जन सहयोग से संभव है। इसके लिए शहरवासियों और सामाजिक संगठनों को अरपा की सफाई के लिए सतत् प्रयास करना होगा। इस दौरान उन्होंने शहरवासियों से अपने घरों में रैन वाटर हार्वेस्टिंग निर्माण कराने और पौधरोपण करने की अपील की। जिला प्रशासन, नगर निगम व स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा आयोजित अरपा उत्थान अभियान के दूसरे दिन भी 10 हजार से ज्यादा लोगों ने श्रमदान में अपनी सहभागिता दर्ज की। छठ घाट पर तोरवा पुल के नीचे से घाट के अंतिम छोर तक शहरवासियों की भीड़ अरपा से जलकुंभी निकाल सफाई करने में जुटी थी। अभियान के दूसरे दिन भी जलकुंभी और सिल्ट को हटाने निगम द्वारा 7 जेसीबी और 20 हाईवा ट्रक का इंतजाम किया गया था, जिसमें जन सहयोग से 20 हाईवा जलकुंभी और 10 सिल्ट निकाला गया। कार्यक्रम में आर्ट आफ लिविंग, आर्चिंस ग्रुप, अरपा अर्पण महाभियान, धिती फाउंडेशन, हैंड्स ग्रुप, दावत ए आम, सक्षम, जज्बा, एनिमल प्रोडक्शन, अभिभावक संघ, टीम ख्वाब, एसबीआई, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई, अटल बिहारी वाजपेयी यूनिवर्सिटी कुलपति प्रो. जीडी शर्मा व स्टाफ, सीवी रामन यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार गौरव शुक्ला व स्टाफ, जेपी वर्मा कालेज, सहित शहर के विभिन्न स्कूलों के छात्र एवं स्वयं सेवी संगठन प्रमुख रूप से शामिल रहें।

साथी हाथ बढ़ाना की धून और लोगों की कतार अरपा छठ घाट पर पुल के नीचे से घाट के अंतिम छोर तक हजारों लोगों ने कतार बनाकर अरपा से जलकुंभी की सफाई की। इस दौरान साउंड सिस्टम पर साथी हाथ बढ़ाना गीत भी बजाया गया, जिससे शहरवासियों ने उत्साहित होकर श्रमदान किया और अरपा की सफाई की।

नुक्कड़ नाटक रहा आकर्षण केंद्र

अभियान के अंत में नुक्कड़ नाटक के ज़रिए लोगों को पर्यावरण और स्वच्छता एवं वाटर हार्वेस्टिंग को लेकर आर्चिन्स ग्रुप द्वारा संदेश दिया गया। लोगों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से अरपा उत्थान, जल संवर्धन को समझा। कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक आकर्षण का केंद्र रहा।

श्रमदान करने आए लोगों को पौधों का गिफ्ट

अभियान में आए लोगों को निगम प्रशासन की ओर से पौधे गिफ्ट के रूप में दिया गया। लोगों सहर्ष पौधों को स्वीकार किया और इसे अपने घर व घरों के आसपास लगाकर संरक्षण करने की बात कही। दो दिनों के अभियान में करीब 8 हजार पौधों का वितरण किया गया।

error: Content is protected !!