Monday, February 2, 2026
Homeछत्तीसगढ़बिलासपुर: बाहर से आने वाले बसों के लिये बनाये जायेंगे अस्थायी अड्डे...सुगम...

बिलासपुर: बाहर से आने वाले बसों के लिये बनाये जायेंगे अस्थायी अड्डे…सुगम यातायात के लिये साप्ताहिक बैठक आयोजित…

बिलासपुर। शहर में यातायात के दबाव को कम करने के लिये बाहर से आने वाले बसों का रूट निर्धारित किया जायेगा और उनके लिये अस्थायी अड्डे बनायें जायेंगे। बिलासपुर शहर में सुव्यवस्थित यातायात के लिये आयोजित बैठक में कलेक्टर डॉ.संजय अलंग द्वारा आरटीओ को निर्देशित किया कि इस संबंध में बस ऑपरेटरों से बातचीत इस कार्ययोजना को मूर्तरूप दिया जाये।

उल्लेखनीय है कि बिलासपुर शहर में यातायात को सुव्यवस्थित करने के लिये कलेक्टर डॉ.अलंग एवं पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल द्वारा इसके लिये हर हफ्ते संयुक्त रूप से बैठक कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। आज बैठक में कलेक्टर ने शहर के सभी प्रमुख मार्गों में मार्किंग और संकेतक लगाने का कार्य जल्द से जल्द प्रारंभ करने का निर्देश दिया। नगर निगम के अधिकारी ने बताया कि इसके लिये रि-टेण्डर जारी कर दिया गया है। आरटीओ शर्मा ने शहर में ऑटो के लिये चिन्हांकित किये जा रहे स्थलों की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महाराणा प्रताप चौक से महामाया चौक तक ऑटो स्टैण्ड के लिये जगह प्राथमिकता से चिन्हांकित किया जाए। पुलिस अधीक्षक ने महाराणा प्रताप चौक में सड़क मार्किंग कार्य नहीं होने पर नाराजगी जताई। नगर निगम के अधिकारी को निर्देशित किया गया कि सड़कों में जेब्रा कॉसिंग के लिये जल्द से जल्द सूची बनाएं। मिट्टी तेल गली का कार्य भी जल्द से जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

सड़क निर्माण में आ रही ट्रांसफार्मर की बाधाओं पर भी जल्द से जल्द कार्यवाही करने का निर्देश दिया गया। शहर में 12 स्थल चिन्हांकित किये गये हैं जहां सड़कों से ट्रांसफार्मर हटाये जाने हैं। शहर के नेहरू चौक, सिम्स, तिफरा ओव्हरब्रिज और सिविल लाईन थाना क्षेत्र में हमेशा यातायात का दबाव बहुत ज्यादा रहता है। इन क्षेत्रों में सुगम यातायात के लिये कार्यवाही की जानी है। कलेक्टर ने नगर निगम और यातायात विभाग के अधिकारी को इस संबंध में निर्देशित किया।

कलेक्टर डॉ.अलंग ने रायपुर से बिलासपुर प्रवेश हेतु वैकल्पिक मार्ग बनाने के लिये घुरू अमेरी रोड को चिन्हांकित कर इस पर कार्यवाही प्रारंभ करने के निर्देश दिये। मंगला चौक में ट्रेफिक चौकी स्थापित किया जाएगा। इस हेतु भी नगर निगम के अधिकारी को निर्देशित किया गया।

बैठक में अपर कलेक्टर बी.सी.साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रोहित बघेल, आरटीओ प्रेमप्रकाश शर्मा, नगर निगम के जोन कमिश्नर ताम्रकार सहित नगर निगम, विद्युत एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest
Verified by MonsterInsights