बिलासपुर।
नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना चकरभाठा पुलिस एवं एसीसीयू (ACCU) बिलासपुर की संयुक्त कार्रवाई में तीन अंतर्राज्यीय नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 34 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना चकरभाठा पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर हिंर्री माइंस, तिलक नगर क्षेत्र में नशेड़ियों को बेचने के लिए घूम रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 34 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार की गई है—
- मोहित हिंदूजा, पिता टीकम दास, उम्र 32 वर्ष, निवासी चकरभाठा वार्ड क्रमांक 07
- करन दीप सिंह, पिता सुखविंदर सिंह, उम्र 29 वर्ष, निवासी चकरभाठा वार्ड क्रमांक 12
- आर. रजिंदर कुमार, पिता मुख्तियार लाल, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम खेमकरण, जिला तरनतारन (पंजाब)
पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। आरोपियों ने स्वीकार किया कि करन दीप सिंह दूसरे राज्य से हेरोइन की सप्लाई करता था, जिसे मोहित हिंदूजा के माध्यम से स्थानीय स्तर पर खपाया जाता था। वहीं तीसरा आरोपी आर. रजिंदर कुमार इस पूरे नेटवर्क में सक्रिय भूमिका निभाते हुए ऊंचे दामों पर नशा बेचने का काम करता था।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इसी क्रम में जिलेभर में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पिछले तीन दिनों में एनडीपीएस एक्ट के 07 प्रकरणों में कार्रवाई की गई है। इन कार्रवाइयों के दौरान पुलिस ने 1300 नशीली टैबलेट, 400 एमएल एविल इंजेक्शन तथा 02 किलोग्राम गांजा भी जप्त किया है।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। नशे के नेटवर्क से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और आगे भी इस तरह की कठोर एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।


