बिलासपुर

एनटीपीसी सीपत प्लांट में बड़ा हादसा: प्लेटफार्म गिरने से मची अफरा-तफरी, 5 मजदूर घायल, कई लोगों के दबे होने की आशंका…

बिलासपुर। एनटीपीसी सीपत प्लांट में बुधवार को दोपहर करीब 11:30 बजे एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, एयर फ्री फिल्टर का प्लेटफार्म के अचानक गिर जाने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है, वहीं अब तक 5 श्रमिकों के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गया है। घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। एनटीपीसी प्रबंधन की ओर से हादसे को लेकर जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

एनटीपीसी के जनसंपर्क अधिकारी प्रवीण रंजन भारती ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि, “स्टेशन के यूनिट नंबर-5 में यह सुरक्षा दुर्घटना घटित हुई है, जिसमें 5 संविदा श्रमिक घायल हुए हैं। सभी का समुचित उपचार किया जा रहा है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है और जांच के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।”

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मलबे में और लोगों के फंसे होने की भी आशंका जताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और अधिकारियों की निगरानी में पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

स्थानीय प्रशासन भी घटनास्थल पर पहुंच चुका है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। यह हादसा प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े करता है। औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और समय-समय पर आवश्यक निरीक्षण की कमी ऐसे हादसों की एक बड़ी वजह बनती जा रही है।

(घटना से संबंधित अधिक जानकारी प्राप्त होने पर खबर को अपडेट किया जाएगा।)

error: Content is protected !!
Latest