जांजगीर-चांपा। जिले के प्रसिद्ध आरकेएम पावर प्लांट में मंगलवार देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया। प्लांट में काम कर रहे मजदूरों को लेकर जा रही लिफ्ट अचानक नीचे गिर गई, जिससे दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, मजदूर प्लांट की दूसरी मंजिल की ओर जा रहे थे। लिफ्ट को कुल 75 मीटर की ऊंचाई तक पहुंचना था, लेकिन यह मात्र 40 मीटर की ऊंचाई पर पहुंचने के बाद अचानक नीचे गिर गई। हादसे के समय लिफ्ट में कुल नौ मजदूर सवार थे।
हादसे के तुरंत बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूरों और प्लांट प्रबंधन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायलों को फौरन फोर्टिस अस्पताल (रायगढ़) और जिंदल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में लिफ्ट में तकनीकी खराबी की बात सामने आ रही है। फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विशेषज्ञों की टीम को बुलाया गया है।
इस हादसे के बाद मजदूरों में दहशत का माहौल है। कई मजदूरों ने सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाए हैं और प्लांट प्रबंधन से कड़े कदम उठाने की मांग की है। वहीं प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।
हादसे में मारे गए दोनों मजदूरों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह हादसा एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाना अब समय की मांग बन गई है।


