बिलासपुर। थाना कोनी क्षेत्रांतर्गत ग्राम रामतला में लंबे समय से दो समुदायों—सूर्यवंशी सतनामी समाज एवं अन्य समुदाय—के बीच भूमि विवाद और पंचायत स्तर पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना को लेकर मतभेद की स्थिति बनी हुई थी। इस विवाद के चलते गांव में सामाजिक तनाव व्याप्त था और किसी भी समय शांति भंग होने की आशंका बनी हुई थी। विभिन्न समुदायों के बीच बढ़ते अविश्वास को देखते हुए प्रशासन ने स्थिति को संवेदनशील मानते हुए सतर्कता बरती।
मामले की गंभीरता को समय रहते समझते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर सीएसपी सिटी कोतवाली गगन कुमार, आईपीएस एवं थाना कोनी पुलिस ने सक्रिय पहल करते हुए दिनांक 30 जनवरी 2026 को ग्राम रामतला में एक शांति बैठक का आयोजन किया। बैठक में दोनों समुदायों के प्रमुख नागरिकों, पंच-प्रतिनिधियों तथा सम्मानित ग्रामीणों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई, ताकि समस्या का समाधान संवाद के माध्यम से निकाला जा सके।
शांति बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बातों को गंभीरता, निष्पक्षता एवं धैर्यपूर्वक सुना। भूमि विवाद और प्रतिमा स्थापना से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। पारस्परिक संवाद और समझाइश के बाद पुलिस द्वारा एक संतुलित, व्यावहारिक एवं सर्वमान्य समाधान प्रस्तुत किया गया, जिसे दोनों पक्षों ने सहमति के साथ स्वीकार कर लिया। निर्णय को औपचारिक स्वरूप देने हेतु मौके पर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई भी की गई।
पुलिस की इस मध्यस्थता और समझाइश का सकारात्मक परिणाम यह रहा कि ग्राम रामतला में लंबे समय से चला आ रहा विवाद शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हो गया। गांव में पुनः सामाजिक सौहार्द, आपसी विश्वास और शांति का माहौल स्थापित हुआ। ग्रामीणों ने भी पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए सहयोग का भरोसा दिलाया।
थाना कोनी पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति, कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक समरसता बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी किसी भी प्रकार के विवाद को संवाद एवं कानून के माध्यम से सुलझाने के लिए पुलिस सतत प्रतिबद्ध रहेगी।


