बिलासपुर।
घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में बिलासपुर में कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी शहर और ग्रामीण इकाई के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता नेहरू चौक में एकत्र हुए और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेने की मांग की। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता पहले ही परेशान है और अब रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी ने लोगों के घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये और कमर्शियल गैस सिलेंडर में 115 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को आर्थिक रूप से काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि रसोई गैस हर घर की बुनियादी जरूरत है और इसकी कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से आम लोगों की रसोई का बजट बिगड़ता जा रहा है।
इस विरोध प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता, विधायक, पूर्व विधायक और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों को महंगाई बढ़ाने वाला बताते हुए गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी मौके पर बड़ी संख्या में तैनात रहा। पुलिस की मौजूदगी के कारण कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुतला दहन का पूरा अवसर नहीं मिल सका, हालांकि कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से पुतला जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों को वापस नहीं लिया गया तो पार्टी आगे भी चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेगी और जनता की आवाज को सड़कों से लेकर सदन तक उठाएगी।


