Homeक्राइमबिलासपुर में बड़ी चोरी: दुकान मालिक की कार से ₹8 लाख से...

बिलासपुर में बड़ी चोरी: दुकान मालिक की कार से ₹8 लाख से भरा बैग पार, शटर बंद करते समय आरोपी ने दिया वारदात को अंजाम…

बिलासपुर। शहर के व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र व्यापार विहार में शुक्रवार रात एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। छोटी पार्किंग के पास स्थित हरे कृष्णा ट्रेडर्स के मालिक की कार से अज्ञात चोर करीब ₹8 लाख से भरा बैग लेकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, हरे कृष्णा ट्रेडर्स के मालिक ने रात करीब 8:30 बजे अपनी दुकान के गल्ले से नगदी राशि निकालकर एक बैग में रखी और उसे अपनी कार में रख दिया। इसके बाद वे दुकान का शटर बंद करने लगे। इसी दौरान मौके का फायदा उठाते हुए एक अज्ञात व्यक्ति ने कार का दरवाजा खोलकर अंदर रखा बैग चोरी कर लिया और वहां से फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि बैग में करीब 8 लाख रुपये नकद रखे हुए थे। घटना की जानकारी मिलते ही व्यापारी और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। आरोपी की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में पुलिस टीमों को लगाया गया है। साथ ही घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं इस घटना के बाद व्यापार विहार क्षेत्र के व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ गई है।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts