Tuesday, March 10, 2026
Homeक्राइमअवैध शराब माफियाओं पर पुलिस का शिकंजा, रेलवे लाइन किनारे छिपाकर रखा...

अवैध शराब माफियाओं पर पुलिस का शिकंजा, रेलवे लाइन किनारे छिपाकर रखा 6 हजार किलो महुआ लाहन बरामद, मौके पर कराया गया नष्ट…

बिलासपुर। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसते हुए कोनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घुटकु रेलवे स्टेशन पारा के आगे रेलवे लाइन के किनारे घनी झाड़ियों में छिपाकर रखा महुआ शराब बनाने का कच्चा माल बरामद किया गया। पुलिस ने यहां से 300 प्लास्टिक डिब्बों में भरा लगभग 6000 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया, जिसे आबकारी विभाग की मौजूदगी में मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना कोनी पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुलिस को 9 मार्च 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि घुटकु स्टेशन पारा के आगे रेलवे लाइन के किनारे लंबी झाड़ियों में भारी मात्रा में महुआ लाहन छिपाकर रखा गया है, जिसका उपयोग अवैध शराब बनाने के लिए किया जाना था। सूचना मिलने के बाद कोनी थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बताए गए स्थान पर सर्च अभियान शुरू किया।

जांच के दौरान घुटकु स्टेशन पारा से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर रेलवे लाइन के किनारे घनी झाड़ियों के बीच बड़ी संख्या में प्लास्टिक के डिब्बे छिपाकर रखे मिले। जब पुलिस ने उनकी तलाशी ली तो 300 डिब्बों में भरा लगभग 6000 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार यह कच्चा माल बड़े पैमाने पर अवैध महुआ शराब तैयार करने के लिए रखा गया था।

कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही। संयुक्त कार्रवाई के तहत बरामद महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अवैध शराब के कारोबार के पीछे कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब निर्माण और तस्करी पर लगाम लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। रेलवे लाइन और सुनसान इलाकों में कच्चा माल छिपाकर रखने वाले आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest
Verified by MonsterInsights