छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में मंगलवार दोपहर हुआ एक भीषण औद्योगिक हादसा कई परिवारों की दुनिया उजाड़ गया। डभरा थाना क्षेत्र स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट ने चंद सेकेंडों में सब कुछ बदल दिया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 12 मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
एएसपी पंकज पटेल के अनुसार, चार मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि गंभीर रूप से झुलसे मजदूरों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस अस्पताल में भर्ती घायलों में से आठ और मजदूरों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अभी भी 10 से अधिक घायल मजदूरों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिनमें अधिकांश 80 प्रतिशत तक झुलस चुके हैं।
घटना में 30 से 40 मजदूरों के गंभीर रूप से झुलसने की बात सामने आई है। कुछ घायलों का इलाज रायगढ़ के मेट्रो हॉस्पिटल और अपेक्स हॉस्पिटल में जारी है, जबकि छह गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।
हादसे के बाद प्लांट के बाहर का मंजर बेहद मार्मिक और आक्रोशपूर्ण रहा। परिजनों ने प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। उनका कहना है कि कई मजदूर अब भी लापता हैं और प्रबंधन सही जानकारी देने से बच रहा है।
जिले के कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं। वहीं, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देने का ऐलान किया है, साथ ही दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

क्या होता है बॉयलर और कैसे बन जाता है ‘भाप का बम’?
पावर प्लांट में बॉयलर एक बेहद अहम मशीन होती है, जिसे बिजली उत्पादन की रीढ़ माना जाता है। इसमें पानी को अत्यधिक तापमान पर गर्म कर भाप बनाई जाती है, और यही भाप टरबाइन को घुमाकर बिजली पैदा करती है।
लेकिन यही सिस्टम जब असंतुलित हो जाता है, तो बॉयलर एक खतरनाक “भाप बम” में बदल सकता है।
दरअसल, बॉयलर के अंदर लगातार बनती भाप दबाव को बढ़ाती जाती है। सामान्य स्थिति में सेफ्टी वाल्व और अन्य सुरक्षा सिस्टम इस दबाव को नियंत्रित करते हैं। लेकिन अगर किसी कारणवश दबाव बाहर नहीं निकल पाता, तो यह इतना बढ़ जाता है कि मजबूत धातु का ढांचा भी इसे झेल नहीं पाता और भीषण विस्फोट हो जाता है।

बॉयलर ब्लास्ट के संभावित कारण
विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे हादसों के पीछे कई तकनीकी और मानवीय कारण हो सकते हैं—
- जरूरत से ज्यादा दबाव (ओवरप्रेशर) बन जाना
- सेफ्टी वाल्व का फेल हो जाना
- पानी की कमी के कारण ओवरहीटिंग
- मशीनों की खराब मेंटेनेंस या पुरानी इक्विपमेंट
- ऑपरेशन के दौरान मानवीय चूक या अलार्म को नजरअंदाज करना
क्यों इतना खतरनाक होता है बॉयलर विस्फोट?
बॉयलर के अंदर अत्यधिक तापमान और दबाव होता है। जब यह फटता है, तो न सिर्फ तेज धमाका होता है, बल्कि उबलती भाप और आग चारों तरफ फैल जाती है। इससे मौके पर मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिलता और वे गंभीर रूप से झुलस जाते हैं।
सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था
यह हादसा एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े करता है। क्या प्लांट में नियमित मेंटेनेंस हो रहा था? क्या सेफ्टी सिस्टम सही तरीके से काम कर रहे थे? क्या मजदूरों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई थी?
इन सवालों के जवाब अब जांच के बाद ही सामने आएंगे, लेकिन फिलहाल यह हादसा कई परिवारों के लिए कभी न भरने वाला जख्म बन चुका है।



