Homeक्राइमयदुनंदन नगर बाजार में चाकूबाजी से सनसनी: पुराने विवाद में युवक पर...

यदुनंदन नगर बाजार में चाकूबाजी से सनसनी: पुराने विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर; पहले भी मिल चुकी थी धमकी…

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के यदुनंदन नगर तिफरा में रविवार रात हुई एक सनसनीखेज चाकूबाजी की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। पुराने विवाद की रंजिश में एक युवक पर बीच बाजार में जानलेवा हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच यदुनंदन नगर के व्यस्त बाजार क्षेत्र में अचानक अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी गोलू उर्फ “सर्किट” मुंह पर कपड़ा बांधकर उस फल दुकान के पास पहुंचा, जिसे घायल युवक केवल गिरी गोस्वामी की पत्नी संचालित करती हैं। कुछ ही क्षणों में आरोपी ने चाकू निकालकर केवल गिरी गोस्वामी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

अचानक हुए हमले से युवक संभल भी नहीं पाया और गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही जमीन पर गिर पड़ा। बाजार में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय नागरिकों और परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना के बाद परिजनों ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आरोपी गोलू सर्किट लंबे समय से केवल गिरी गोस्वामी और उसके परिवार को फोन पर धमकियां दे रहा था। परिजनों के अनुसार आरोपी बार-बार जान से मारने, परिवार को नुकसान पहुंचाने और बच्चों को भी नहीं छोड़ने जैसी धमकियां देता था। इस संबंध में केवल गिरी की पत्नी द्वारा सिरगिट्टी थाने में दो बार शिकायत भी दर्ज कराई गई थी।

परिवार का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद आरोपी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिसके कारण उसका मनोबल बढ़ता गया और अंततः उसने खुलेआम बाजार में इस वारदात को अंजाम दे दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम उठाए जाते तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था।

इधर सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की पहचान तथा उसकी गतिविधियों की पड़ताल कर रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस बीच सिम्स अस्पताल में भर्ती केवल गिरी गोस्वामी की हालत को लेकर परिजनों की चिंता बढ़ी हुई है। पूरे मामले ने कानून-व्यवस्था और शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजरें पुलिस की कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी पर टिकी हुई हैं।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts