Homeक्राइमगुरु-चेला बनने का दबाव बना मौत की वजह: किन्नर समाज के विवाद...

गुरु-चेला बनने का दबाव बना मौत की वजह: किन्नर समाज के विवाद में घोंट दिया गला, चंद घंटों में आरोपी गिरफ्तार…

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में किन्नर समाज के भीतर गुरु-चेला परंपरा को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी अंजाम तक पहुंच गया। जोकी ओवरब्रिज क्षेत्र में रहने वाले किन्नर तन्नू खान की गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी किन्नर रिया उर्फ राकेश (24) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक तन्नू खान, वर्षा जान और मीरा उर्फ आशीष आपस में गुरु भाई थे। वर्षा जान 17 जुलाई को दिल्ली से बिलासपुर आई थी और पुराना बस स्टैंड स्थित एक होटल में ठहरी हुई थी। 20 जुलाई को तीनों जोकी स्थित मीरा के घर पहुंचे। रास्ते में रिया उर्फ राकेश भी मिला, जिसे मीरा अपने साथ घर ले गई।

घर पहुंचने से पहले तन्नू और रिया स्कूटी से तालापारा स्थित अस्पताल गए, जहां तन्नू अपनी बड़ी मां से मिलने गई। लौटते समय दोनों ने पांच पाव देशी शराब और करीब डेढ़ किलो मछली खरीदी। इसके बाद चारों ने साथ बैठकर शराब पी और भोजन किया।

इसी दौरान बातचीत के बीच तन्नू खान ने रिया से उसके गुरु के बारे में पूछा। किन्नर समाज की परंपरा का हवाला देते हुए उसने रिया पर अपना चेला बनने का दबाव बनाया। बताया कि गुरु बनने पर सालाना 10 हजार और हर महीने दो हजार रुपये देने पड़ते हैं। साथ ही यह भी कहा कि यदि वह चेला नहीं बना तो उसे इलाके में मांगकर खाने नहीं दिया जाएगा।

रिया ने इसका विरोध करते हुए साफ कहा कि उसका कोई गुरु नहीं है और न ही वह किसी का चेला बनेगा। इसी बात पर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। मीरा और वर्षा ने दोनों को समझाने की कोशिश की और तालापारा निवासी राजा किन्नर से फोन पर भी बात कराई, लेकिन विवाद शांत नहीं हुआ।

बताया गया कि तन्नू ने रिया को तालापारा चलकर अपने गुरु से मिलने की चुनौती दी। इस पर दोनों पैदल ही वहां के लिए निकल पड़े। कुछ देर बाद जब दोनों वापस नहीं लौटे और तन्नू का मोबाइल भी बंद मिला तो साथियों ने तलाश शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चला।

पुलिस जांच में आरोपी रिया ने स्वीकार किया कि गुरु-चेला विवाद के चलते उसका तन्नू से झगड़ा हुआ और उसने एनएच-130 पर दलदलिहापारा बस स्टॉप के पास रात करीब 11 बजे से 12 बजे के बीच गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन, चप्पल, चार्जर समेत अन्य सामान बरामद कर लिया।

सकरी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण गुरु-चेला परंपरा को लेकर हुआ विवाद सामने आया है और मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts