Homeक्राइमसोते चौकीदार के सिर पर हथौड़े से 4-5 वार, मामूली विवाद का...

सोते चौकीदार के सिर पर हथौड़े से 4-5 वार, मामूली विवाद का बदला लेने 16 वर्षीय बालक ने कर दी हत्या, रेलवे क्षेत्र का मामला…

बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र में रेल पटरी किनारे ठेकेदारी कार्य की सुरक्षा में तैनात चौकीदार की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने चंद घंटे के भीतर अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने मामले में विधि से संघर्षरत 16 वर्षीय बालक को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार मामूली विवाद की पुरानी रंजिश इतनी गहरी हो गई कि आरोपी ने सो रहे चौकीदार के सिर पर वजनदार लोहे के हथौड़े से लगातार वार कर उसकी जान ले ली।

मृतक की पहचान नरेश गुप्ता पिता राम बिरीक गुप्ता, उम्र 35 वर्ष, निवासी सोनघट्टा, आरा, बिहार के रूप में हुई है। वह वर्तमान में तोरवा क्षेत्र में रेलवे पटरी किनारे रहकर चौकीदारी का काम कर रहा था। घटना के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 483/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

बताया गया कि 3 सितंबर 2026 की दरमियानी रात रेलवे क्षेत्र में पटरी किनारे चल रहे ठेकेदारी कार्य के पास चौकीदार नरेश गुप्ता की हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में हत्या में किसी वजनदार वस्तु के इस्तेमाल की आशंका सामने आई।

मामला अंधे कत्ल का था और पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती हत्यारे तक पहुंचना था। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति हाथ में हथौड़ा लिए सो रहे चौकीदार की ओर जाता हुआ दिखाई दिया। इस महत्वपूर्ण सुराग के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान और तलाश शुरू की।

तोरवा पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर संदिग्ध की पतासाजी शुरू की। जांच के दौरान संदिग्ध की पहचान बापूनगर निवासी 16 वर्षीय बालक के रूप में हुई। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। इसके बाद उसके घर और आसपास की जगहों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बाथरूम में मिट्टी से सने कपड़े तथा कुछ रक्त के छींटे जैसे धब्बे मिले, जिससे पुलिस का संदेह और गहरा गया।

पुलिस अभिरक्षा में पूछताछ के दौरान अपचारी बालक ने हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई। उसके अनुसार कुछ दिन पहले वह साइकिल चला रहा था। इसी दौरान सड़क पर जमा पानी के छींटे चौकीदार नरेश गुप्ता के ऊपर पड़ गए थे। इस बात को लेकर चौकीदार ने उसे गाली दी और थप्पड़ मार दिया था। बालक के मन में इसी घटना को लेकर नाराजगी बनी हुई थी।

पुलिस के मुताबिक इसी रंजिश के चलते 3 सितंबर की दरमियानी रात अपचारी बालक ने मौका देखकर सो रहे चौकीदार पर वजनदार लोहे के हथौड़े से हमला कर दिया। उसने सिर पर लगातार करीब 4-5 वार किए, जिससे चौकीदार की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या में इस्तेमाल किया गया लोहे का वजनदार हथौड़ा भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल से मिले सुराग, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए विधि से संघर्षरत बालक को बाल न्यायालय बिलासपुर में पेश किया है।

तोरवा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक ओर जहां अंधे कत्ल की गुत्थी कुछ ही घंटों में सुलझ गई, वहीं इस वारदात ने मामूली विवाद के हिंसक रूप लेने की भयावह तस्वीर भी सामने ला दी है। महज पानी के छींटे पड़ने और उसके बाद हुए गाली-थप्पड़ के विवाद की रंजिश आखिरकार एक व्यक्ति की हत्या तक पहुंच गई।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts