छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से एक सनसनीखेज और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। महिला कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष गंगोत्री योगी पर उनके ही सगे भाई ने सब्जी काटने वाले हंसिया से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंगोत्री योगी गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्हें खून से लथपथ हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
यह घटना पिपरिया थाना क्षेत्र के मोहंगाव गांव की है और 27 जनवरी की शाम की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंगोत्री योगी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने अपने बड़े भाई नेम नाथ योगी के घर पहुंची थीं। इसी दौरान नेम नाथ योगी का अपनी पत्नी से विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।

बताया जा रहा है कि जब गंगोत्री योगी ने भाई को रोकने और मामला शांत कराने का प्रयास किया, तो नेम नाथ योगी आपा खो बैठा। गुस्से में उसने पास रखा हंसिया उठाकर गंगोत्री योगी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में उनके सिर, चेहरे, हाथ और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। वारदात के बाद वे मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं।
चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। चिकित्सकों के अनुसार, अत्यधिक रक्तस्राव और गहरी चोटों के कारण उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पिपरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी नेम नाथ योगी वारदात के बाद से फरार है। पुलिस ने उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
इस घटना ने न सिर्फ क्षेत्र में सनसनी फैला दी है, बल्कि घरेलू हिंसा और पारिवारिक विवादों के खतरनाक रूप लेने पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजनीतिक और सामाजिक हलकों में घटना को लेकर आक्रोश है और पीड़िता के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।


