बिलासपुर। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश और खनिज विभाग के मार्गदर्शन में 4, 5 और 7 अप्रैल 2026 को अलग-अलग क्षेत्रों में की गई संयुक्त कार्रवाई में कुल 22 वाहन और मशीनें जब्त की गई हैं, जिससे खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
खनिज विभाग की टीम ने रतनखंडी, धुमा, मानिकपुर, लावर, राजपुर केकती और बुतेना क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान अरपा नदी के रतनखंडी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन करते हुए 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े गए। वहीं धुमा-मानिकपुर क्षेत्र में मिट्टी के अवैध उत्खनन में लगी 01 पोकलेन मशीन और 04 हाइवा वाहन जब्त किए गए।
लावर क्षेत्र में भी कार्रवाई करते हुए रेत का अवैध परिवहन कर रहे 01 हाइवा को पकड़ा गया। राजपुर-केकती इलाके में मिट्टी के अवैध उत्खनन में संलिप्त 01 जेसीबी मशीन और 04 ट्रैक्टर जब्त किए गए। इसके अलावा बुतेना क्षेत्र में मुरूम का अवैध उत्खनन करते हुए 01 जेसीबी को भी कब्जे में लिया गया।
इस तरह कुल 14 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 05 हाइवा, 01 पोकलेन और 02 जेसीबी मशीनों सहित 22 वाहनों की जप्ती की गई है। सभी जब्त वाहनों को पुलिस चौकी बेलगहना और खनिज जांच चौकी लावर की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस सख्ती से अवैध खनन में लगे लोगों के बीच डर का माहौल है, वहीं आम जनता ने इस कदम का स्वागत किया है।


