
बिलासपुर। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र की विजयापुरम कॉलोनी में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां सड़क पर बैठी एक बेजुबान गाय को XUV 300 वाहन से कुचलकर निकल जाने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी गंभीर थी कि गाय का एक पैर टूट गया और वह बुरी तरह घायल हो गई।
घटना को लेकर सबसे गंभीर सवाल यह है कि क्या सड़क पर बैठा एक बेजुबान जानवर इतना बड़ा अपराध कर रहा था कि उसे बचाने के बजाय गाड़ी से कुचलकर आगे बढ़ जाना ही चालक को उचित लगा? यदि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रही घटना की पुष्टि होती है, तो यह महज सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि पशु के प्रति क्रूरता का गंभीर मामला बन सकता है।
जानकारी के मुताबिक, विजयापुरम कॉलोनी में गाय गली में बैठी हुई थी। इसी दौरान XUV 300 वाहन वहां पहुंचा और गाय को बचाने के बजाय उसके ऊपर से वाहन निकालते हुए आगे बढ़ गया। घटना का पूरा दृश्य कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात कही जा रही है। फुटेज सामने आने के बाद कॉलोनीवासियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग शुरू कर दी है।
इस घटना को लेकर विजयापुरम कॉलोनी के रहवासी एकजुट होकर सरकंडा थाना पहुंचे। सोसायटी अध्यक्ष सुनील गुप्ता ने पुलिस के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत कर मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। बताया जा रहा है कि वाहन चालक का नाम अरविंद तिवारी बताया जा रहा है। हालांकि, चालक की भूमिका और घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना ने शहर में पशुओं की सुरक्षा और उनके प्रति संवेदनशीलता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर सड़क पर बैठे बेजुबान जानवरों के प्रति इतनी बेरहमी क्यों? यदि किसी चालक से वाहन नियंत्रित नहीं हो रहा था, तो क्या उसके पास गाय को बचाने का प्रयास करने का विकल्प नहीं था?
अब कॉलोनीवासियों की निगाहें सरकंडा पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। रहवासियों की मांग है कि सीसीटीवी फुटेज की जांच कर वाहन और चालक की पहचान सुनिश्चित की जाए तथा पशु क्रूरता से संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत उचित कार्रवाई की जाए।
फिलहाल घायल गाय की हालत और पुलिस की ओर से एफआईआर दर्ज किए जाने की स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि बेजुबान जानवरों की जान की कीमत आखिर कितनी है?
देखिए वीडियो

