बिलासपुर। अक्सर यह माना जाता है कि उम्र बढ़ने के साथ सपनों की उड़ान धीमी पड़ जाती है, लेकिन बिलासपुर की एंजेल चौकसे ने इस सोच को पूरी तरह बदल दिया है। 42 वर्ष की उम्र में उन्होंने दिल्ली के होटल लीला इंटरनेशनल में आयोजित प्रतिष्ठित Mrs. India International Queen 2026 का ताज अपने नाम कर न सिर्फ बिलासपुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित किया है।
अपनी जीत के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एंजेल चौकसे ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि उनके पूरे परिवार के अटूट विश्वास, सहयोग और वर्षों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि किसी भी महिला के लिए परिवार का साथ सबसे बड़ी ताकत होता है और उन्हें यह सौभाग्य हमेशा मिला।
एंजेल ने बताया कि उनके पति रितेश चौकसे, 21 वर्षीय बेटी विकास चौकसे, माता-पिता और सास-ससुर ने हर कदम पर उनका उत्साह बढ़ाया। शादी के बाद पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण उनका सपना कुछ समय के लिए पीछे जरूर चला गया था, लेकिन परिवार ने कभी उन्हें अपने लक्ष्य से दूर नहीं होने दिया। यही विश्वास उन्हें आज इस मुकाम तक लेकर आया।
उन्होंने बताया कि फैशन और पर्सनैलिटी डेवलपमेंट में उनकी रुचि कॉलेज के दिनों से रही है। होम साइंस की छात्रा रहते हुए उन्होंने “Miss Home Science” का खिताब जीता था। उसी समय उन्होंने तय कर लिया था कि एक दिन राष्ट्रीय स्तर के मंच पर अपनी पहचान बनाएंगी।
इस मुकाम तक पहुंचने का सफर आसान नहीं था। एंजेल ने बताया कि उन्होंने करीब एक वर्ष तक लगातार तैयारी की। नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, कैटवॉक, ग्रूमिंग, पब्लिक स्पीकिंग और व्यक्तित्व विकास पर उन्होंने कड़ी मेहनत की। कई बार परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण रहीं, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी।
दिल्ली में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत के साथ-साथ सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, दुबई, कतर और अमेरिका सहित कई देशों की प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक लगातार विभिन्न राउंड आयोजित किए गए। प्रतिभागियों को कैटवॉक, टैलेंट राउंड, इंट्रोडक्शन, प्रश्नोत्तर, ग्रूमिंग और पर्सनैलिटी असेसमेंट जैसी कठिन चुनौतियों से गुजरना पड़ा।
एंजेल ने हर चरण में अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और तैयारी का शानदार प्रदर्शन किया। आखिरकार उन्होंने सभी प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए Mrs. India International Queen 2026 का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर लिया।
उन्होंने कहा कि उनकी यह सफलता उन महिलाओं के नाम है, जो परिवार और जिम्मेदारियों के बीच अपने सपनों को अधूरा छोड़ देती हैं। उनका संदेश है कि यदि इरादे मजबूत हों और परिवार का साथ मिले तो किसी भी उम्र में नई शुरुआत की जा सकती है और हर मंजिल हासिल की जा सकती है।
एंजेल चौकसे की यह उपलब्धि केवल एक ब्यूटी पेजेंट जीतने की कहानी नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, संघर्ष, धैर्य और सपनों को साकार करने की मिसाल है। उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया है कि सपनों की कोई उम्र नहीं होती, उन्हें पूरा करने का सिर्फ साहस होना चाहिए।


