बिलासपुर। UGC Equity Regulations 2026, एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम, प्रस्तावित रोहित वेमुला बिल और मौजूदा आरक्षण व्यवस्था को लेकर सवर्ण/सामान्य वर्ग समाज ने अब खुलकर सवाल उठाए हैं। इन मुद्दों पर संवैधानिक और व्यावहारिक समीक्षा की मांग को लेकर समाज के प्रतिनिधियों ने 27 अगस्त को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, छत्तीसगढ़ के राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम बिलासपुर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
समाज ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य किसी भी वर्ग के संवैधानिक अधिकारों या संरक्षण को समाप्त करना नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि कानून और सरकारी नीतियों का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचे और किसी निर्दोष व्यक्ति के मौलिक अधिकार प्रभावित न हों।
UGC Equity Regulations 2026 को लेकर समाज ने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों में भेदभाव रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था जरूरी है, लेकिन नियमों के क्रियान्वयन में स्पष्ट और वस्तुनिष्ठ मापदंड भी होने चाहिए। केवल जाति या सामाजिक श्रेणी के आधार पर किसी विद्यार्थी, शिक्षक या कर्मचारी को दोषी मानने की स्थिति पैदा नहीं होनी चाहिए।
ज्ञापन में शिकायतों की स्वतंत्र, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग की गई है। समाज ने कहा कि शिकायतकर्ता के साथ आरोपी को भी अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए। साथ ही झूठी या दुर्भावनापूर्ण शिकायतों के मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई की व्यवस्था भी जरूरी है।
एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम को लेकर समाज ने कहा कि वास्तविक अत्याचार के मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई का कोई विरोध नहीं है। हालांकि, कानून के इस्तेमाल के दौरान निर्दोष व्यक्ति के मौलिक अधिकारों की सुरक्षा और निष्पक्ष जांच भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
समाज का कहना है कि व्यक्तिगत विवाद, संपत्ति विवाद, पारिवारिक विवाद, रोजगार संबंधी विवाद या अन्य सामान्य मामलों को पर्याप्त आधार के बिना जातिगत अपराध का स्वरूप नहीं दिया जाना चाहिए। जांच अधिकारियों को झूठी अथवा दुर्भावनापूर्ण शिकायतों की पहचान के संबंध में भी स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए जाने की मांग की गई है।
प्रस्तावित Rohith Vemula Bill, 2026 को लेकर भी समाज ने कई सवाल उठाए। प्रतिनिधियों ने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों में भेदभाव, बहिष्कार और उत्पीड़न रोकना आवश्यक है, लेकिन कानून की भाषा और प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए जिससे वास्तविक भेदभाव पर कार्रवाई हो और केवल आरोप के आधार पर किसी निर्दोष विद्यार्थी, शिक्षक या कर्मचारी को दंडित होने से बचाया जा सके।
ज्ञापन में ‘भेदभाव’, ‘बहिष्कार’, ‘उत्पीड़न’ और ‘अन्याय’ जैसे शब्दों की स्पष्ट एवं वस्तुनिष्ठ परिभाषा तय करने की मांग की गई है। प्रत्येक शिकायत की स्वतंत्र जांच, आरोपी को अपना पक्ष रखने का अवसर और प्रभावी अपील व्यवस्था लागू करने पर भी जोर दिया गया।
सबसे अहम मुद्दा मौजूदा आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा का रहा। समाज ने तर्क दिया कि स्वतंत्रता के समय देश की सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियां आज की परिस्थितियों से काफी अलग थीं। करीब आठ दशक में शिक्षा, रोजगार, शहरीकरण और आर्थिक विकास के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है। ऐसे में आरक्षण व्यवस्था की निष्पक्ष, व्यापक और समयानुकूल समीक्षा की जरूरत है।
समाज ने आरक्षण नीति की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय विशेषज्ञ समिति गठित करने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि आरक्षण का आधार केवल जाति तक सीमित न रहकर आर्थिक स्थिति तथा वास्तविक सामाजिक और शैक्षणिक पिछड़ेपन जैसे वस्तुनिष्ठ मानकों को भी पर्याप्त महत्व दिया जाना चाहिए।
ज्ञापन में इस बात पर भी चिंता जताई गई कि सरकारी सुविधाओं और आरक्षण का लाभ लगातार एक ही परिवार या सीमित समूह तक पीढ़ी-दर-पीढ़ी केंद्रित नहीं होना चाहिए। समाज ने सामाजिक-आर्थिक आंकड़ों के आधार पर समय-समय पर आरक्षण नीति की समीक्षा किए जाने का सुझाव दिया है।
आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों और परिवारों के लिए भी प्रभावी सहायता व्यवस्था विकसित करने की मांग की गई। समाज ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, छात्रवृत्ति, कौशल विकास, रोजगार प्रशिक्षण और आर्थिक सहायता जैसी योजनाओं को मजबूत करने पर जोर दिया।
समाज की ओर से प्रधानमंत्री के नाम सौंपे गए ज्ञापन में UGC Equity Regulations 2026 की पुनर्समीक्षा, SC/ST Act के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ निर्दोषों के अधिकारों की सुरक्षा, Rohith Vemula Bill 2026 पर व्यापक सार्वजनिक एवं विधिक विमर्श और विश्वविद्यालयों में समान शिकायत निवारण एवं अपील व्यवस्था लागू करने की मांग प्रमुख रही।
इसके साथ ही झूठी या दुर्भावनापूर्ण शिकायतों पर विधि के अनुसार कार्रवाई, केवल शिकायत या आरोप के आधार पर किसी व्यक्ति को दोषी न मानने, निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और लगभग आठ दशक पुरानी आरक्षण व्यवस्था की व्यापक सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक समीक्षा के लिए विशेषज्ञ समिति गठित करने की मांग रखी गई।
समाज ने कहा कि यह पहल किसी वर्ग विशेष के अधिकारों के खिलाफ नहीं है। उद्देश्य यह है कि सामाजिक न्याय की व्यवस्था का लाभ वास्तविक जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे और प्रत्येक नागरिक को उसकी जाति, वर्ग या सामाजिक पृष्ठभूमि से परे समान न्याय, समान सम्मान और कानून का समान संरक्षण मिले।
अब इन मांगों पर सरकार का रुख महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि ज्ञापन ने आरक्षण व्यवस्था से लेकर उच्च शिक्षण संस्थानों में समानता और शिकायत निवारण तक कई संवेदनशील मुद्दों को एक साथ सार्वजनिक बहस के केंद्र में ला दिया है।


