Friday, March 13, 2026
Homeबिलासपुरदेंगे चुनाव जीतने के टिप्स...12 अक्टूबर को बिलासपुर आएंगे अमित शाह... मंच से...

देंगे चुनाव जीतने के टिप्स…12 अक्टूबर को बिलासपुर आएंगे अमित शाह… मंच से बूथ प्रभारियों की लेंगे क्लास…


बिलासपुर/ 12 अक्टूबर को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह एक दिवसीय प्रवास पर शहर आएंगे। संभाग स्तरीय बूथ पदाधिकारियों के सम्मेलन में शामिल होंगे। 35 हजार बूथ पदाधिकारियों का गर्वनमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल के मैदान में जमावड़ा रहेगा। गुरुवार से मैदान में विशाल डोम के साथ ही मंच बनाने की तैयारी शुरू हो गई है।

भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद अमित शाह पहली बार बिलासपुर प्रवास पर आएंगे। भाजपाध्यक्ष आमसभा को संबोधित करने और अंचलवासियों के बीच अपनी बात रखने के बजाय संगठन को दुरुस्त करने आ रहे हैं। यह भी पहली बार होगा जब बिलासपुर संभाग के अंतर्गत आने वाले 35 हजार बूथ प्रभारियों की खुले मंच से वे क्लास लेंगे। बीते दिनों वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान पीएम मोदी ने बिलासपुर समेत देश के चुनिंदा पांच शहरों के बूथ पदाधिकारियों से बूथ जितने का आह्वान किया था। इस आह्वान के साथ ही उन्होंने मेरा बूथ सबसे मजबूत का नारा भी बुलंद किया था। साथ ही उन्होंने जोर देते हुए कहा था कि यह सिर्फ नारा नहीं बल्कि हर एक कार्यकर्ता के लिए संकल्प है। भाजपाध्यक्ष के प्रवास और बूथ पदाधिकारियों से सीधी चर्चा को पीएम मोदी के आह्वान को अमलीजामा पहनाने के रूप में देखा जा रहा है। शाह के प्रवास को लेकर राष्ट्रीय कार्यालय से प्रदेश कार्यालय को सूचित कर दिया गया है। प्रदेश कार्यालय ने जिला भाजपा के पदाधिकारियों के साथ ही जिला मुख्यालय में निवासरत् सत्ता व संगठन से जुड़े दिग्गजों को भी तैयारी में जुट जाने कहा गया है। प्रदेश भाजपा के एक पदाधिकारी की मानें तो बिलासपुर संभाग के अंतर्गत आने वाले बिलासपुर, मुंगेली,जांजगीर-चांपा,कोरबा व रायगढ़ जिले के 35 हजार बूथ पदाधिकारियों का इस दिन गर्वनमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में जमावड़ा रहेगा। स्कूल कैम्पस में पांच विशाल डोम बनाने की तैयारी गुरुवार से शुरू हो जाएगी। डोम के साथ ही विशाल मंच भी बनेगा।

जिला कार्यसमिति की बैठक के दौरान शाह के दौरे का मुद्दा छाया रहा। बैठक के दौरान ही दिग्गजों ने गर्वनमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान को कार्यक्रम के लिए तय कर दिया है। कार्यक्रम स्थल तय करने के साथ ही बूथ पदाधिकारियों से मोबाइल के जरिए संपर्क करने और जरूरी तैयारी करने के संबंध में बुधवार से जानकारी देना शुरू कर दिए हैं। शाह के दौरे से पहले जिला स्तर पर बूथ पदाधिकारियों की मीटिंग करने का भी निर्णय लिया गया है।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest
Verified by MonsterInsights