Advertisement
कांग्रेसबिलासपुर

कांग्रेसियों के शिकायत करने पहुंचते ही जिला प्रशासन आया हरकत में, भाजपा के झंडे जब्त करने निकले अफसर


बिलासपुर/ शहर के भाजपा नेता भी आचार संहिता उल्लंघन के मामले में घिर गए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह के आगमन से एक दिन पहले भाजपाइयों ने शहर को झंडे-बैनर से पाट दिया। कांग्रेसी जैसे ही इसकी शिकायत करने कलेक्टोरेट पहुंचे, जिला प्रशासन का अमला झंडे-बैनर जब्त करने पहुंचे गए। दोपहर बाद तक शहर में लगाए गए झंडे बैनर जब्त कर लिए गए थे।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 12 अक्टूबर की दोपहर 3 बजे साइंस कॉलेज में सभा लेंगे। इसकी तैयारी भाजपाइयों ने पहले ही शुरू कर दी थी। गुरुवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। इसके तहत नेहरू चौक आईलैंड, ईदगाह चौक, राजेंद्र नगर चौक, राजेंद्र नगर चौक समेत सभी चौक-चौराहों और खंभों पर भाजपा के झंडे लगा दिए थे। इसकी जानकारी जैसे ही कांग्रेसियों को लगी, शहर अध्यक्ष नरेंद्र बोलर के नेतृत्व में कांग्रेसी सीधे कलेक्टोरेट पहुंचे। यहां उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। प्रदेश महामंत्री अटल श्रीवास्तव ने बताया कि आचार संहिता लागू होने के बाद भी भाजपा नेताओं ने बिना इजाजत शहर को झंडे-बैनर से पाट दिए हैं। प्रशासन भी उन पर किसी तरह की कार्रवाई नहीं कर रहा है। प्रशासन के रवैए को देखकर निष्पक्षता और विश्वसनीयता पूर्ण चुनाव संपन्न होने में प्रश्न चिन्ह लग रहा है। कांग्रेसियों ने भाजपा के सभी झंडे निकालने और आदर्श आचार संहिता को उल्लंघन करने के मामले में भाजपा के जिलाध्यक्ष पर एफआईआर करने की मांग की है।

सभी वार्डों में अमर के फोटोयुक्त बैनर

प्रदेश प्रवक्ता अभय नारायण राय का कहना है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव की घोषणा 6 अक्टूबर को की गई थी, पर आज दिनांक तक शहर के पूरे वार्डों में अमर अग्रवाल का कार्यालय खुला हुआ है, जहां पर अमर अग्रवाल के फोटोयुक्त बैनर लगे हुए हैं। इसकी जानकारी होने के बाद भी प्रशासन किसी तरह की कार्रवाई नहीं कर रहा है।

error: Content is protected !!