बिलासपुर। अग्रवाल समाज की ओर से प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह इस वर्ष भी पूरे हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। पिछले पंद्रह दिनों से चल रहे विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला के बाद आज, 22 सितंबर को इसका मुख्य समारोह कुंदन पैलेस में आयोजित होगा। इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक अमर अग्रवाल शामिल होंगे।
विजेताओं और समाज विभूतियों का सम्मान
अग्रसेन जयंती समारोह 2025 में 31 अगस्त से 15 दिनों तक विभिन्न सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों के साथ ही प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। इन प्रतियोगिताओं में बच्चों, महिलाओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्य समारोह में इन कार्यक्रमों के 300 से अधिक प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
इसके साथ ही 11 समाजों के अध्यक्षों और अग्रवाल समाज की प्रमुख विभूतियों को भी सम्मानित किया जाएगा। समाज सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को “अग्र रत्न सम्मान” से नवाजा जाएगा। यह सम्मान समाज के उन लोगों को दिया जाएगा जिन्होंने निःस्वार्थ भाव से समाजसेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
धार्मिक अनुष्ठान और भंडारे की धूम
अग्रसेन जयंती का शुभारंभ आज सुबह अग्रसेन चौक में भगवान महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण और महाआरती के साथ हुआ। इसके बाद अग्रवाल समाज की विभिन्न समितियों द्वारा पूरे शहर में 10 प्रमुख स्थानों पर भंडारे का आयोजन किया जा रहा है।
भंडारे के प्रमुख स्थल हैं –
- गायत्री मंदिर (विनोबा नगर)
- मुरारका भवन (श्रीकांत वर्मा मार्ग)
- अग्रवाल खाद भंडार (तोरवा)
- रायपुर रोड (ए.एस. फन सके सामने)
- स्टेट बैंक (नया सरकंडा)
- मानव सेवा (मंगला)
- व्यापार विहार
- जेपी रेजिडेंसी (देवरी खुर्द तोरवा)
- लायंस क्लब (सीएमडी कॉलेज चौक)
समाज ने इस अवसर पर 10 हजार से अधिक लोगों के लिए प्रसाद और भोजन की व्यवस्था की है।
समितियों का वार्षिक लेखा-जोखा
समारोह में अग्रवाल समाज की विभिन्न समितियां—अग्रवाल सभा, अग्रवाल नवयुवक समिति, अग्रवाल महिला समिति, अग्रसेन भवन समिति, अग्रोहा भवन समिति, शिक्षण समिति और सेवा समिति—अपने-अपने कार्यकाल के दौरान किए गए सामाजिक कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करेंगी। इसमें शिक्षा, समाजसेवा, स्वास्थ्य, धर्म और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े कार्यों का विस्तार से उल्लेख होगा।
अमर अग्रवाल का जन्मदिन समारोह भी
इस अवसर को खास बनाने के लिए मुख्य अतिथि विधायक अमर अग्रवाल का जन्मदिन भी समाज के लोगों द्वारा धूमधाम से मनाया जाएगा। उन्हें समाज की ओर से भव्य सम्मान प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में केक काटकर जन्मदिन का उत्सव मनाने की भी तैयारी की गई है।
समाज में उत्साह का माहौल
समारोह को सफल बनाने के लिए समाज के पदाधिकारी—शिवकुमार अग्रवाल, सुनील सोथलिया, अंकुर अग्रवाल, चतुर्भुज अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, रंजना अग्रवाल, रंजन अग्रवाल और वंदना जाजोदिया—ने समाज के प्रबुद्धजनों और नागरिकों से मुख्य समारोह में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की है।
पिछले पंद्रह दिनों से चले आयोजनों के बाद आज का दिन पूरे शहर के लिए खास है। अग्रसेन जयंती पर अग्रवाल समाज के धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों की झलक देखने को मिलेगी।


