बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रविवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नेहरू नगर स्थित MIG-33 में रहने वाली एक महिला की उसके ही पति ने मारपीट कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेहरू नगर MIG-33 में रहने वाली पुष्प लता यादव (37 वर्ष) की उसके पति युवराज यादव (43 वर्ष) ने मारपीट कर हत्या कर दी। आरोपी युवराज यादव मूल रूप से मोहन भाटा, कोटा का निवासी बताया जा रहा है और वर्तमान में अपनी पत्नी के साथ बिलासपुर के नेहरू नगर में रह रहा था।
बताया जा रहा है कि घटना से पहले मकान मालकिन घर खाली कराने की बात कहने उनके घर पहुंची थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। उस समय आरोपी पति नशे की हालत में था और उसने पत्नी से गाली-गलौज शुरू कर दी।
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसे घसीटते हुए घर के अंदर ले गया। इसी दौरान उसने बाथरूम के पास पत्नी का सिर जोर से पटक दिया, जिससे उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लग गई। गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद के चलते हत्या की आशंका सामने आई है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने की बात कही जा रही है। मामले की जांच जारी है।


