बिलासपुर

बहन के साथ स्कूल आई 5 साल की बालिका को प्राचार्य ने जड़ा थप्पड़, हटाए गए प्राचार्य, निलंबन की सिफारिश, बीईओ से भी छीन लिया प्रभार…

The principal slapped a 5-year-old girl who had come to school with her sister, the principal was removed, suspension recommended, charge was also taken away from the BEO...

बिलासपुर जिले के मस्तुरी विकासखंड स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, पचपेड़ी में एक बेहद चिंताजनक घटना सामने आई है। स्कूल के प्रभारी प्राचार्य चितरंजन कुमार राठौर पर आरोप है कि उन्होंने स्कूल में अपनी बहन के साथ आई 5 साल की मासूम बच्ची को थप्पड़ मारा और उसे बुरी तरह से डांटा। इस घटना के बाद बच्ची बहुत भयभीत हो गई। प्रारंभिक जांच में यह पाया गया कि बिना किसी स्पष्ट कारण के, अबोध बालिका के साथ अत्यधिक सख्ती बरती गई, जो अनुचित और अस्वीकार्य थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर के कलेक्टर अवनीश शरण ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रभारी प्राचार्य चितरंजन कुमार राठौर को पद से हटाने का आदेश दिया। उन्हें बीईओ कार्यालय मस्तूरी में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही, कलेक्टर ने चितरंजन राठौर के मूल पद व्याख्याता के निलंबन की अनुशंसा भी लोक शिक्षण संचालनालय, रायपुर को भेज दी है।

यह घटना मस्तूरी विकासखंड में पहली नहीं है, बल्कि इस तरह की कई घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वर्तमान विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) शिव राम टंडन का प्रभावी नियंत्रण नहीं है। प्रशासन ने उनके लापरवाही भरे रवैये को ध्यान में रखते हुए उन्हें भी उनके पद से मुक्त कर दिया है। अब इस पद का कार्यभार ईश्वर प्रसाद सोनवानी, प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला एरमशाही को सौंपा गया है।

कलेक्टर अवनीश शरण ने स्पष्ट रूप से कहा है कि विद्यालय में बच्चों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार अस्वीकार्य है और इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी शिक्षक या अधिकारी बच्चों के साथ इस प्रकार का अनुचित व्यवहार करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!
Latest