बिलासपुर, 18 मार्च 2026। जिले में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शहर के मधुबन और दयालबंद क्षेत्र में मुक्तिधाम के पास छापामार कार्रवाई की गई, जिसमें भारी मात्रा में गैस सिलेंडर और संबंधित उपकरण जब्त किए गए।
जांच के दौरान टीम को मौके पर अवैध रूप से भंडारित बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर मिले। कार्रवाई में 14.2 किलोग्राम के 100 सिलेंडर और 5 किलोग्राम के 263 सिलेंडर बरामद किए गए। इसके अलावा चूल्हा बर्नर, 8 बोरियों में भरे रेगुलेटर, 6 कार्टून में रखे उपकरण, 25 खुले रेगुलेटर तथा 25 प्रेशर वाल्व (5-5 के बंडल में) भी जब्त किए गए। विभाग के अनुसार यह पूरा सामान कालाबाजारी के उद्देश्य से अवैध रूप से जमा किया गया था।
खाद्य विभाग ने मौके पर ही सभी सामग्री को जब्त कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।
खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने बताया कि जिले में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है और सभी 35 गैस एजेंसियों में नियमित आपूर्ति हो रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे घबराएं नहीं और केवल अधिकृत एजेंसियों से निर्धारित दरों पर ही सिलेंडर प्राप्त करें।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कालाबाजारी, अधिक कीमत पर बिक्री या अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और शिकायत मिलने पर तत्काल छापेमारी की जाएगी।
गौरतलब है कि विशेष अभियान के तहत अब तक 8 मामलों में 310 से अधिक सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं एलपीजी की कालाबाजारी या अनियमितता की जानकारी मिले तो तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


