Sunday, May 17, 2026
Homeबिलासपुरएनटीपीसी सीपत की पहल से संवरेंगे बेटियों के सपने: ‘बालिका सशक्तिकरण अभियान-2026’...

एनटीपीसी सीपत की पहल से संवरेंगे बेटियों के सपने: ‘बालिका सशक्तिकरण अभियान-2026’ का शुभारंभ, 130 बालिकाओं को मिलेगा आत्मनिर्भर बनने का प्रशिक्षण…

बिलासपुर: NTPC Limited के NTPC Sipat Super Thermal Power Station में शुक्रवार को बालिका सशक्तिकरण अभियान (GEM)-2026 का उत्साह और उमंग के साथ शुभारंभ किया गया। चार सप्ताह तक चलने वाले इस पूर्ण आवासीय कार्यक्रम का उद्घाटन Rajnesh Singh, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल सहित एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारी, संगवारी महिला समिति की सदस्याएं, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

एनटीपीसी लिमिटेड की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के तहत आयोजित इस अभियान में सीपत परियोजना प्रभावित 38 शासकीय विद्यालयों से चयनित लगभग 130 बालिकाएं भाग लेंगी। कक्षा 5वीं उत्तीर्ण 10 से 12 वर्ष आयु वर्ग की इन छात्राओं के लिए तैयार किया गया यह एक माह का विशेष आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम उनके सर्वांगीण विकास पर केंद्रित है।

कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ कंप्यूटर शिक्षा, योग, खेलकूद, आत्मरक्षा, कला, संगीत, अनुशासन, स्वच्छता, समय प्रबंधन, संवाद कौशल और व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण दिया जाएगा। एनटीपीसी प्रबंधन का मानना है कि इस तरह की पहल ग्रामीण अंचल की बालिकाओं को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उद्घाटन समारोह में प्रतिभागी बालिकाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। वहीं जेम-2022 बैच की पूर्व प्रतिभागी दिव्यांशी मिरचन्य और चिंकी पाटनवार ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस कार्यक्रम ने उनके आत्मविश्वास और व्यक्तित्व को नई दिशा दी। वर्तमान में दोनों छात्राएं बाल भारती पब्लिक स्कूल में कक्षा 10वीं में अध्ययनरत हैं। उनके अनुभवों ने नई प्रतिभागियों में भी उत्साह और आत्मविश्वास का संचार किया।

अपने संबोधन में डीआईजी एवं एसएसपी बिलासपुर रजनेश सिंह ने कहा कि जेम जैसे कार्यक्रम बालिकाओं को बड़े सपने देखने और अपनी क्षमता को पहचानने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा और आत्मविश्वास ही समाज में वास्तविक बदलाव का आधार हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से इस अवसर का पूरा लाभ उठाने और जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर एनटीपीसी की पहल की सराहना भी की।

परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल ने कहा कि जेम केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि बालिकाओं के भीतर नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने का एक परिवर्तनकारी मंच है। उन्होंने बताया कि एनटीपीसी सीपत में इस अभियान की शुरुआत वर्ष 2019 में हुई थी और अब तक 525 बालिकाएं इससे लाभान्वित हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि “एक बालिका की शिक्षा पूरे समाज को सशक्त बनाती है।”

मानव संसाधन प्रमुख जयप्रकाश सत्यकाम ने जानकारी दी कि इस वर्ष चयनित 130 बालिकाओं में से 10 मेधावी छात्राओं को बाल भारती पब्लिक स्कूल, एनटीपीसी सीपत में कक्षा 6वीं से 12वीं तक पूर्णतः निःशुल्क शिक्षा दी जाएगी। यह घोषणा छात्राओं और अभिभावकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

संगवारी महिला समिति की अध्यक्षा शिखा मंडल ने प्रतिभागी बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यक्रम के दौरान महिला समिति की सदस्याएं परिवार की तरह उनका मार्गदर्शन और सहयोग करती रहेंगी, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।

गौरतलब है कि भारत सरकार की “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” पहल के अनुरूप एनटीपीसी लिमिटेड देशभर के विभिन्न परियोजना क्षेत्रों में “बालिका सशक्तिकरण अभियान” चला रही है। इस वर्ष देशभर में 3400 से अधिक बालिकाओं के इस कार्यक्रम से लाभान्वित होने की संभावना है। एनटीपीसी सीपत की यह पहल शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest
Verified by MonsterInsights