बिलासपुर, 30 जून। रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर (NH-130A) के निर्माणाधीन बिलासपुर-उरगा खंड पर अब आम नागरिकों और सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने स्पष्ट किया है कि यह मार्ग अभी निर्माणाधीन है और इसे सामान्य यातायात के लिए शुरू नहीं किया गया है। ऐसे में किसी भी प्रकार का अनधिकृत आवागमन पूरी तरह वर्जित रहेगा।
एनएचएआई के अनुसार, वर्तमान में इस मार्ग का उपयोग केवल परियोजना निर्माण कार्य में लगे वाहनों, मशीनरी और अधिकृत अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा किया जा रहा है। आम लोगों की आवाजाही सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर खतरा पैदा कर सकती है, इसलिए सख्त प्रतिबंध लागू किया गया है।
परियोजना कार्यान्वयन इकाई, कोरबा के परियोजना निदेशक अंकित आनंद ने बताया कि निर्माणाधीन सड़क पर अनधिकृत प्रवेश रोकने के लिए सभी एंट्री और एग्जिट पॉइंट बंद कर दिए गए हैं। इसके साथ ही पूरे कॉरिडोर की निगरानी के लिए सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम लगाया जा रहा है, जिससे हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रतिबंध का उल्लंघन कर निर्माणाधीन मार्ग में प्रवेश करने वाले व्यक्तियों और वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसलिए नागरिक किसी भी परिस्थिति में इस मार्ग का उपयोग न करें।
एनएचएआई ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा के लिए केवल निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें। निर्माणाधीन सड़क पर अनधिकृत प्रवेश न केवल जान-माल के लिए जोखिमपूर्ण है, बल्कि इससे निर्माण कार्य भी प्रभावित होता है और परियोजना की प्रगति में बाधा आती है।
गौरतलब है कि भारतमाला परियोजना के तहत विकसित किया जा रहा रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर प्रदेश की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं में शामिल है। इसके पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में यातायात सुगम होगा, यात्रा का समय कम होगा और औद्योगिक व आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है। फिलहाल एनएचएआई ने नागरिकों से सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।


