(ताज़ाख़बर36गढ़) भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी के लिए अपशब्द बोलने पर एक व्हाट्सएप ग्रुप के एडमिन को जेल जाना पड़ गया। हितेश कौशिक नाम के इस एडमिन ने अपने ग्रुप पर एक व्यक्ति द्वारा अटल जी की डीपी खुद लगाने और दूसरों को लगाने की सलाह देने पर अपशब्द कह दिए। जिसका पता पुलिस को चलने के बाद हितेश को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पूरा मामला उत्तर प्रदेश के दनकौर का है। कोतवाली प्रभारी फरमूद अली ने बताया कि आरोपी हितेश कौशिक ने कस्बे के कई लोगों को जोड़कर एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया था। इस ग्रुप का एडमिन हितेश खुद था। शनिवार को ग्रुप के एक मेंबर ने ग्रुप में स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की फोटो डीपी पर लगाने के लिए कहा तो एडमिन उसे अपशब्द कहने लगा।
इस बात की सूचना जब भाजपा कार्यकर्ताओं को मिली तो सभी गुस्साए लोग पुलिस से शिकायत करने जा पहुंचे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी हितेश कांग्रेस की ओर से नगर पंचायत अध्यक्ष पद प्रत्याशी रह चुका है।




