Thursday, March 12, 2026
Homeबिलासपुरकांग्रेस से बिल्हा विधानसभा की दावेदारी कर रहे लक्ष्मीनाथ साहू से ताज़ाख़बर36गढ़...

कांग्रेस से बिल्हा विधानसभा की दावेदारी कर रहे लक्ष्मीनाथ साहू से ताज़ाख़बर36गढ़ की ख़ास बातचीत…

बिलासपुर(ताज़ाख़बर36गढ़) युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव लक्ष्मीनाथ साहू का कहना है कि यदि अविभाजित बिलासपुर जिले के साहू समाज के वोटरों को साधना है तो विधानसभा चुनाव में साहू समाज से एक प्रत्याशी उतारना होगा। भाजपा को बीते विधानसभा और लोकसभा चुनाव में इसी का फायदा मिला। लोरमी विधानसभा और बिलासपुर लोकसभा से साहू समाज से कंटीडेट उतारे गए, जिन्होंने जीत दर्ज की। बिल्हा विधानसभा की बात करें तो यहां पर 40 हजार से अधिक साहू समाज के वोटर हैं, जो किसी भी चुनाव को प्रभावित कर सकते हैं। वर्तमान बिल्हा विधायक सियाराम कौशिक की आस्था अब अन्य पार्टी से जुड़ गई है। उनके इस कदम से क्षेत्र की जनता नाराज हैं। वे पांच साल निष्क्रिय रहे, जिससे क्षेत्र में समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। बिल्हा विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे का किसी तरह से प्रभाव नहीं रहेगा। प्रदेश सचिव साहू ने ताजाखबर36गढ़.कॉम से खास बातचीत की।

पेश हैं मुख्य अंश-

सवाल: कांग्रेस को बिल्हा विधानसभा में नए चेहरे की तलाश है। टिकट के लिए आप भी दावेदारी कर रहे हैं तो आपकी दावेदारी का मजबूत आधार क्या है?

जवाब: देखिए… 2003 से मैं कांग्रेस का लगातार प्राथमिक सदस्य रहा हूं और लगातार कार्यकर्ता से लेकर युवा कांग्रेस के जिम्मेदार पदाधिकारी के रूप में काम कर रहा हूं। मेरा सामाजिक समीकरण भी बिल्हा विधानसभा में मजबूत है। नगर पालिका तिफरा, जहां सबसे बड़ा वोट हैं। करीब 26 हजार मतदाता हैं। वहां से मैं प्रतिनिधित्व कर रहा हूं। नगर पालिका अध्यक्ष के लिए कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी रहा हूं। महज 500 वोटों से मेरी हार हुई है। यही मेरा मजबूत आधार है और यदि कांग्रेस पार्टी मुझे प्रत्याशी बनाकर उतारती है तो मैं जरूर जीत दर्ज करूंगा।

सवाल: आपने बताया बिल्हा विधानसभा में सामाजिक समीकरण मजबूत है। वहां आपके समाज के कितने मतदाता हैं और समाज में आपकी कितनी पकड़ है?

जवाब: देखिए… बिल्हा विधानसभा में 40 हजार से अधिक मतदाता साहू समाज के हैं। बिल्हा विधानसभा में लगभग 200 गांव हैं। इसमें नगरीय निकाय भी शामिल हैं। इसमें 30 से 35 गांवों में मेरी पारिवारिक दखल है। मेरी रिश्तेदारी की दखल है। एक उसका भी मुझे लाभ मिलेगा। दूसरा साहू समाज के उत्थान के लिए मैं बहुत कम उम्र से सक्रिय हूं। सामाजिक पदों में रहा हूं। नगर पालिका स्तर पर समाज से अध्यक्ष रहा हूं। संरक्षक रहा हूं। वर्तमान में साहू समाज के जिला प्रकोष्ठ का अध्यक्ष बनाने की बात चल रही है। इसका मुझे लाभ मिलेगा।

सवाल: आप कांग्रेस से कब जुड़े हुए हैं और कुछ एक ऐसा काम बताइए, जो सराहनीय रहा है?

जवाब: सन् 2003 से मैं कांग्रेस का प्राथमिक सदस्य रहा हूं। तब से मैं कांग्रेस के लिए समर्पित भाव से काम कर रहा हूं। विधानसभा स्तर पर 2008 में पीसीसी मास्टर ट्रेनिंग का काम हमें दिया गया था। इसके बाद प्रत्येक बूथों में जाकर मैनेजमेंट का काम किया। 2009 में युवा कांग्रेस चुनाव में मेरी अहम भूमिका रही। हमने अपने एक साथी जेपी तिवारी को विधानसभा अध्यक्ष बनाया और मैं खुद बूथ अध्यक्ष निर्वाचित हुआ। 2012 में युवा कांग्रेस का विधानसभा चुनाव मैंने स्वयं लड़ा, जिसमें मेरी सेकेंड पोजिशन रही और मैं युवा कांग्रेस का विधानसभा उपाध्यक्ष बना। दो साल के मेरे कार्यकाल को देखकर 2014 में मुझे विधानसभा का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया। 2016 में पुन: मैंने युवा कांग्रेस का प्रदेश स्तरीय चुनाव लड़ा और प्रदेश सचिव निर्वाचित हुआ। इस बीच लगातार कई आंदोलन, धरना-प्रदर्शन जैसे कार्यक्रम होते रहे, युवा कांग्रेस बैनर तले या ब्लॉक कांग्रेस या जिला कांग्रेस के बैनर तले। किसान पदयात्रा में मेरी सहभागिता रही। हर कार्यक्रम में मैं सक्रिय रहा हूं।

सवाल: बिल्हा विधानसभा की जनता आपको क्यों स्वीकार करेगी? क्या बोलकर आप लोगों के पास जाएंगे?

जवाब: जिस प्रकार से युवाओं को इस प्रदेश की भाजपा सरकार ठग रही है। भाजपा के जनप्रतिनिधि ठग रहे हैं। हम उन मुद्दों को लेकर जनता के पास जाएंगे। युवाओं के मुद्दों को उठाएंगे। बेरोजगारी दूर करने का संकल्प लेंगे। बिल्हा विधानसभा में लगातार अवैध उत्खनन हो रहा है। पानी की जो समस्या है। इन सब मुद्दों को लेकर हम जनता तक जाएंगे और बिल्हा की जनता बदलाव चाहती है। लगातार भाजपा और कांग्रेस से वही दो चेहरे चुनाव लड़ रहे हैं, जिनसे लोग ऊब चुके हैं। अब नया चेहरा और युवा चेहरा की तलाश जनता को है। इसलिए बिल्हा विधानसभा में मैं निश्चित तौर पर एक अच्छा उम्मीदवार हो सकता हूं।

सवाल: जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे के सुप्रीमो अजीत जोगी एक मॉस लीटर है। वर्तमान विधायक सियाराय कौशिक वहां से जकांछ के बैनर तले चुनाव लड़ सकते हैं। भाजपा से कद्दावर नेता धरमलाल कौशिक प्रत्याशी हो सकते हैं। ऐसे में आप दोनों से कैसे लड़ेंगे?

जवाब: वर्तमान में सियाराम कौशिक विधायक हैं। वो जकांछ में शामिल हो चुके हैं। इससे पहले वे कांग्रेस में थे और कांग्रेस के बैनर तले चुनाव जीते थे। उन्हें कांग्रेस के बैनर तले लोगों ने पसंद किया। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने चुनाव जिताया। अब चूंकि उनकी आस्था किसी अन्य पार्टी में चली गई है तो क्षेत्र की जनता और कांग्रेस के बूथ स्तर के कार्यकर्ता उन्हें पसंद नहीं कर रहे हैं। उनसे नाराज हैं। उनके इस कदम से नाराज हैं। इसलिए उनको नुकसान होगा और हमें कांग्रेस से यहां पुन: जीत मिलेगी।

सवाल: प्रदेश में एक पैटर्न चल रहा है। साहू समाज अपने समाज के प्रत्याशी को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। बिलासपुर जिले में क्या स्थिति है?

जवाब: पूरे जिले में सात विधानसभा हैं और लोकसभा की बात करें तो नौ विधानसभा मुंगेली जिला को मिलाकर। आज तक कभी भी कांग्रेस ने साहू समाज को न तो विधानसभा का प्रत्याशी बनाया और न ही लोकसभा का। यही वजह है लगभग 70 से 75 प्रतिशत वोट भाजपा के पाले जो रहे हैं, क्योंकि भाजपा ने यहां से विधानसभा और लोकसभा में साहू समाज से प्रत्याशी उतारा। इस वोट को वापस लाने के लिए साहू समाज से कांग्रेस प्रत्याशी उतारना जरूरी है।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest
Verified by MonsterInsights