Homeअन्यतीन माह में दुरुस्त होगा संगठन, घर-घर जाकर बताएंगे साठ साल की...

तीन माह में दुरुस्त होगा संगठन, घर-घर जाकर बताएंगे साठ साल की उपलब्धियां

(ताज़ाख़बर36गढ़) कांग्रेस ने तीन माह के अंदर बूथ से लेकर प्रदेश स्तर पर संगठन को चुस्त-दुरुस्त करने का लक्ष्य रखा है। साथ ही पार्टी जनजागरण कार्यक्रम भी शुरू करेगी। इसके तहत कार्यकर्ता घर-घर जाकर कांग्रेस की साठ साल की उपलब्धियों और एनडीए सरकार की विफलताओं के बारे में बताएंगे। कांग्रेस महासचिव अशोक गहलोत और पार्टी कोषाध्यक्ष अहमद पटेल ने शुक्रवार को पार्टी के सभी सचिवों से टेलीकांफ्रेंसिंग के जरिए बातचीत की। दोनों नेताओं ने सभी सचिवों को 10 सितंबर को होने वाले पार्टी के ‘भारत बंद’ को सफल बनाने के साथ संगठन को मजबूत बनाने पर भी चर्चा की। पार्टी के एक नेता ने कहा कि संबंधित पदाधिकारियों को 30 नवंबर तक बूथ स्तर से लेकर प्रदेश तक सभी समितियों के गठन का लक्ष्य दिया गया है।

पुस्तिका के जरिए जनजागरण
कांग्रेस के एक नेता ने कहा कि सरकार की विफलताओं को लोगों तक पहुंचाने के लिए पार्टी स्थानीय भाषाओं में पुस्तिका भी प्रकाशित करेगी। ताकि, जनजागरण कार्यक्रम के दौरान उसे वितरित किया जा सके।

चंदा जुटाने को अभियान
कांग्रेस विधानसभा और लोकसभा चुनाव में संसाधन जुटाने के लिए अपने सक्रिय कार्यकर्ताओं से चंदा भी जुटाएगी। हर समर्पित कार्यकर्ता से कम से कम पांच सौ रुपए जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही आम लोगों से चंदा लेने का विकल्प भी खुला रखा है। पार्टी की कोशिश है कि हर बूथ से कम से कम पंद्रह हजार रुपए जमा किए जाएं। पूरे देश में करीब दस लाख बूथ हैं।

महंगाई पर सरकार को घेरा
कांग्रेस ने सरकार पर आरोप लगाया है कि वह महंगाई रोकने में पूरी तरह विफल रही है। पार्टी प्रवक्ता आरपीएन सिंह ने कहा कि महंगाई के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुप्पी तोड़नी चाहिए। केंद्र सरकार को यह बताना चाहिए कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि और महंगाई पर कब तक अंकुश लगेगा।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts