Advertisement
हादसा

MP: ट्रक ने 3 बसों को मारी टक्कर, 13 मौत: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम से लौटते वक्त हुआ हादसा; मौके पर पहुंचे सीएम…

दर्दनाक हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है। जबकि करीब 50 लोग घायल हो गए हैं। इनमें से 39 घायलों को रीवा के संजय गांधी मेडिकल कॉलेज

मध्यप्रदेश के सीधी में दर्दनाक हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है। जबकि करीब 50 लोग घायल हो गए हैं। इनमें से 39 घायलों को रीवा के संजय गांधी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद सीएम शिवराज सिंह रात में ही पहले घटना स्थल पहुंचे और फिर रीवा मेडिकल कॉलेज जाकर वहां भर्ती घायलों का हाल जाना। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी हादसे पर दुख जताया है।

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रुपए और साधारण घायलों को 1-1 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है। उन्होंने ये भी कहा कि मृतकों का कोई आश्रित ऐसा है जो शासकिय सेवा में लिया जा सकता है, तो उसकी योग्यता अनुसार उसे सरकारी सेवा में लेने का काम भी करेंगे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी हादसे पर दुख जताया है।

हादसा मोहनिया टनल के पास बरखड़ा गांव के नजदीक शुक्रवार रात करीब 9 बजे हुआ है। जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने तीन बसों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो बसें खाई में गिर गई, जबकि एक बस सड़क पर पलट गई। ट्रक का टायर फटने से ये हादसा हुआ है। जिन बसों को ट्रक ने टक्कर मारी वे सतना में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के कार्यक्रम से लौट रही थीं। जान गंवाने वाले 13 लोगों में से 8 डेड बॉडी चुरहट के अस्पताल में, 4 रीवा मेडिकल कॉलेज में और एक शव सीधी जिला अस्पताल में रखा गया है।

सीएम ने घटना स्थल का जायजा लिया: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रात में ही घटना स्थल पहुंचे। उन्होंने हालात का जायजा लिया और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। उनके साथ प्रदेश भाजपाध्यक्ष वीडी शर्मा भी मौजूद रहे। इससे पहले सीधी कलेक्टर और एसपी भी मौके पर पहुंचे, वे अस्पताल भी गए। सीधी सांसद रीति पाठक भी मौके पर पहुंची।

शिवराज ने जाना घायलों का हाल: घटना स्थल के बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान सीधे रीवा के संजय गांधी अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने घायलों का हाल जाना। उन्होंने पीड़ितों को हर संभव मदद देने का भरोसा दिया। साथ ही डॉक्टरों के उनके इलाज के निर्देश दिए। अस्पताल में मृतकों और घायलों के परिजन सीएम शिवराज के सामने रोने लगे। सीएम ने उन्हें ढांढस बंधाया।

इस दौरान प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा और सीधी सांसद रीति पाठक, पूर्व मंत्री राजेन्द्र शुक्ल उनके साथ मौजूद रहे। पूर्व मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने बताया कि 33 लोगों को संजय गांधी अस्पताल लाया गया। इनमें से 4 की मौत हो गई। जबकि बाकी 29 घायलों का इलाज किया जा रहा है।

ऐसे हुआ हादसा: बताया जा रहा है कि सतना में आयोजित कोल जनजाति महाकुंभ के कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए विंध्य क्षेत्र के सभी जिलों को 300-300 बसें भरकर लोगों को लाने का टारगेट दिया गया था। शाम साढ़े 5 बजे कार्यक्रम खत्म हुआ, जिसके बाद सभी बसें सतना से रामपुर बघेलान और रीवा के रास्ते मोहनिया टनल होकर सीधी जा रही थीं। टनल से एक किलोमीटर दूर सीधी जिले के चुरहट थाना क्षेत्र में बरखड़ा गांव के पास तीन बसें कुछ देर के लिए रोकी गई थीं।

दरअसल मोहनिया टनल के पास बसों के रुकने का प्वाइंट तय किया गया था। बसें टनल के पास रुकीं। वहां कार्यक्रम में आने वालों के लिए चाय-नाश्ते की व्यवस्था की गई थी। इसी बीच, पीछे से आ रहे सीमेंट से भरे ट्रक ने तीनों बसों को टक्कर मारी। बताया जा रहा है कि ट्रक का टायर फटने से ये हादसा हुआ। तीनों बसों से 50 से 60 सवार थे। टक्कर लगते ही दो बसें 10 फीट गहरी खाई में गिर गईं। वहीं, एक बस हाईवे पर ही पलट गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। बस के यात्रियों ने पुलिस को सूचना दी। अपने स्तर पर भी घायलों को बाहर निकालना शुरू किया।

अमित शाह ने जताया दुख: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सीधी में हुए हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट में लिखा कि सीधी में हुआ सड़क हादसा अत्यंत दुःखद है। इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें यह दुःख सहने की शक्ति दें। प्रशासन घायलों को उपचार उपलब्ध करा रहा है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

सीएम शिवराज सिंह ने जताया दुख: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। साथ ही घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए है।रीवा से सीधी के बीच हुई इस बस दुर्घटना पर मुख्यमंत्री लगातार दोनों जिलों के प्रशासन से संपर्क में है। उन्होंने अधिकारियों को रेस्क्यू ऑपरेशन के निर्देश दिए।

सीधी में हुई सड़क दुर्घटना पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने भी दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट किया कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना है।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने दुख जताते हुए शिवराज सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख रुपए का मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही घायलों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की मांग की। दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया कि मुख्यमंत्री जी दुर्घटना की जिम्मेदारी लें और दोषी अधिकारियों को बर्खास्त करें।

पूर्व नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के सीनियर नेता अजय सिंह ने भी हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने सरकार से अपील की है कि घायलों को जल्द उपचार और जरूरी मदद दी जाए।

error: Content is protected !!