Advertisement
आस्था

बिलासपुर: सर्व यादव समाज श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव समिति, भव्य रूप से निकालेगी शोभायात्रा…

बी आर यादव की प्रतिमा स्थल ब्रहस्पतिबाजार में माल्यार्पण एवं पूजा अर्चना करने के पश्चात नेहरू चौक गोल बाजार से होते हुए लाल बहादुर शास्त्री स्कूल प्रांगण में पहुंचकर सभा

बिलासपुर। श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव समिति सर्व यादव समाज बिलासपुर द्वारा दिनांक 7 सितंबर 2023 दिन गुरुवार को श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव एवं विशाल शोभायात्रा कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है। बिलासपुर में भव्य शोभायात्रा स्वर्गीय बी आर यादव की प्रतिमा स्थल बृहस्पति बाजार से निकाली जाएगी।

सर्व यादव समाज के अध्यक्ष विष्णु यादव एवं समिति के अन्य पदाधिकारियों ने प्रेस क्लब में पत्रकारों से चर्चा करते हुए आयोजन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बी आर यादव की प्रतिमा स्थल ब्रहस्पतिबाजार में माल्यार्पण एवं पूजा अर्चना करने के पश्चात नेहरू चौक गोल बाजार से होते हुए लाल बहादुर शास्त्री स्कूल प्रांगण में पहुंचकर सभा के रूप में परिवर्तित होगी जिसमें समाज के परंपरागत राउत नाचा,भगवान श्री कृष्ण के जन्म की आकर्षक जीवंत झांकियां, नवयुवकों के द्वारा बाजा गाजा के साथ भव्य शोभायात्रा निकालकर तथा रथ में भगवान श्री कृष्ण एवं अर्जुन की जीवंत आकर्षक झांकियां निकाली जाएगी।

शोभा यात्रा में यादव समाज के लोगों के द्वारा लाठी, फरी, कुरूद तथा विभिन्न प्रकार के शस्त्रों का प्रदर्शन किया जाएगा। उसी प्रकार युवाओं की टोली विभिन्न जगह क्षेत्र एवं गांव सहित जिले भर से अपने-अपने निजी साधनों एवं अनेक प्रकार के वाहनों में पहुंचकर उस शोभायात्रा में शामिल होंगे। शहर के आसपास के इलाके के युवाओं की टोलियां भी इसमें शामिल होंगी। इस गरिमामय धार्मिक आयोजन में 10,000 लोगों के लिए स्वल्पाहार एवं भोजन सहित उपवास रहने वाले लोगों के लिए फलाहार की व्यवस्था की जाएगी।

यादव ने बताया कि शोभायात्रा की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। इस विशाल एवं भव्य शोभायात्रा में हजारों की संख्या में यादव समाज के युवक युवतियां महिलाएं एवं पुरुष प्रमुख रूप से शामिल होंगे। इस कार्यक्रम की तैयारी को लेकर लगातार श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव समिति सर्व यादव समाज आयोजन समिति के अध्यक्ष पदाधिकारी एवं सदस्य गण के द्वारा निरंतर कार्यक्रम को सफल एवं भव्यता प्रदान करने के लिए व्यापक रूप से प्रचार प्रसार कर अंतिम रूप दिया जा रहा है। महिलाओं को भी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।

उनसे भी अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया गया है। कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव समिति सर्व यादव समाज शोभायात्रा समिति के अध्यक्ष एवं नगर निगम बिलासपुर के पार्षद विष्णु यादव ने उक्त कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों से भाग लेने के लिए आग्रह किया है। पत्रकारवार्ता के दौरान कार्यकारी अध्यक्ष लालजी यादव,कोषाध्यक्ष अभिमन्यु यादव, महासचिव रामचंद्र यादव, सचिव जागेश्वर यादव, रामफल, दीपक, देवेंद्र, मिक्की, आयुष, छोटू,विलास, लालाराम यादव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!