क्राइमआस्था

सिंदूर का अपमान पड़ा भारी! छठ महापर्व पर विवादित टिप्पणी को लेकर बिलासपुर में उबाल, कॉमेडियन के खिलाफ थाने पहुंचा समाज

कॉमेडी के नाम पर धार्मिक परंपराओं, महिलाओं की गरिमा और करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : छठ पूजा समिति सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने सिविल लाइन थाने और पुलिस अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन

बिलासपुर। कॉमेडी के नाम पर आखिर कितनी भी अभद्रता को जायज ठहराया जाएगा? क्या लोकप्रियता हासिल करने के लिए किसी की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और महिलाओं के सम्मान को निशाना बनाना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है? स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी की छठ महापर्व और महिलाओं के सिंदूर को लेकर की गई कथित अशोभनीय टिप्पणी ने अब न्यायधानी बिलासपुर में बड़ा विरोध खड़ा कर दिया है। मामला सिर्फ एक विवादित वीडियो का नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था, सामाजिक मर्यादा और मातृशक्ति के सम्मान का बन गया है।

कॉमेडियन की टिप्पणी के विरोध में पाटलीपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज, सहजानंद समाज, छठ पूजा समिति सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों और शहरवासियों ने एकजुट होकर मोर्चा खोल दिया। बड़ी संख्या में समाजजन सिविल लाइन थाने और पुलिस कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर यश माहेश्वरी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने, निष्पक्ष जांच कराने और आरोप प्रमाणित होने पर गिरफ्तारी सहित कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि छठ महापर्व करोड़ों लोगों की गहरी धार्मिक आस्था और लोक संस्कृति से जुड़ा हुआ है। इस पर्व में महिलाओं द्वारा नाक से माथे तक सिंदूर लगाने की परंपरा केवल श्रृंगार नहीं, बल्कि सुहाग, मंगलकामना और पारिवारिक आस्था का प्रतीक मानी जाती है। ऐसी परंपरा को लेकर अश्लील और आपत्तिजनक मजाक करना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता।

बिलासपुर में इस विरोध की गंभीरता इसलिए भी अधिक है, क्योंकि न्यायधानी की पहचान छठ महापर्व के भव्य आयोजनों से भी जुड़ी हुई है। शहर के स्थायी छठ घाट पर हर वर्ष हजारों श्रद्धालु और व्रती महिलाएं सूर्योपासना के इस महापर्व में शामिल होते हैं। ऐसे में छठ पूजा, सिंदूर और महिलाओं को लेकर की गई कथित टिप्पणी ने स्थानीय समाज को भी गहरे तौर पर आहत किया है।

समाजजनों ने साफ शब्दों में कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अर्थ किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने या महिलाओं की गरिमा को तार-तार करने की खुली छूट नहीं है। हास्य और व्यंग्य की भी एक मर्यादा होती है। जब मनोरंजन के नाम पर सामाजिक और धार्मिक संवेदनाओं का अपमान होने लगे, तब विरोध करना समाज का अधिकार है।

छठ पूजा समिति बिलासपुर के अध्यक्ष प्रवीण झा ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, संस्कृति और मातृशक्ति के सम्मान का प्रतीक है। कॉमेडियन की कथित अशोभनीय टिप्पणी ने करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत किया है। कॉमेडी के नाम पर किसी धर्म, पर्व, क्षेत्र या महिलाओं का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता। सोशल मीडिया और अभिव्यक्ति की आजादी के साथ सामाजिक जिम्मेदारी और मर्यादा भी जरूरी है।

समिति के सदस्य रौशन सिंह ने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति से व्यक्तिगत दुश्मनी की नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था और महिलाओं के सम्मान की रक्षा की है। लोकप्रियता हासिल करने के लिए समाज की भावनाओं से खिलवाड़ करने का अधिकार किसी को नहीं है। वीडियो हटाने या माफी मांगने भर से मामले की गंभीरता समाप्त नहीं हो जाती। पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करे और यदि आरोप प्रमाणित होते हैं तो कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि बिलासपुर का सर्व समाज अपनी सांस्कृतिक अस्मिता के अपमान पर चुप नहीं बैठेगा।

कौन हैं यश माहेश्वरी, कैसे शुरू हुआ विवाद?

यश माहेश्वरी स्टैंडअप कॉमेडियन और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर हैं। उनके ‘अलमोस्ट यश’ नामक यूट्यूब चैनल पर 21 नवंबर को अपलोड किए गए स्टैंडअप शो के वीडियो के कुछ अंश सोशल मीडिया पर वायरल हुए। आरोप है कि इस शो में उन्होंने छठ पूजा के दौरान बिहार की विवाहित महिलाओं द्वारा लगाए जाने वाले सिंदूर की परंपरा पर अश्लील टिप्पणी की और महिलाओं को लेकर भी आपत्तिजनक मजाक किया। इसके बाद सोशल मीडिया पर विरोध तेज हो गया। विवाद बढ़ने पर उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी, लेकिन विरोध का सिलसिला जारी रहा। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस मामले में पटना साइबर थाने और दिल्ली के साकेत थाने में भी एफआईआर दर्ज की गई है।

बिलासपुर में हुए विरोध प्रदर्शन ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि धार्मिक आस्था और महिलाओं की गरिमा से जुड़े मामलों को समाज हल्के में लेने को तैयार नहीं है। हालांकि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई का आधार जांच और कानून होना चाहिए, लेकिन सार्वजनिक मंचों पर जिम्मेदारी और मर्यादा बनाए रखने की अपेक्षा भी उतनी ही जरूरी है।

इस दौरान छठ पूजा समिति के अभय नारायण राय, सुधीर झा, विजय ओझा, राम प्रताप सिंह, रौशन सिंह, धनंजय झा, दिलीप चौधरी, कुमुद रंजन सिंह, प्रशांत सिंह, राजीव गिरी, राजीव कुमार, सी.एम. सिंह, चंद्र किशोर प्रसाद, रविंद्र सिंह, सुरेंद्र प्रताप सिंह, प्रमोद सिंह, शशि नारायण मिश्रा, सतीश सिंह, रविंद्र कुशवाहा, धीरज झा, विकास राय, भरत भूषण झा, पंकज सिंह, विनोद सिंह, राम गोस्वामी, राजेश्वर शर्मा, बृजराज सिंह, मनोज सिंह, जटाशंकर झा और ऋषि सिंह सहित बड़ी संख्या में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं नगरवासी उपस्थित रहे।

बिलासपुर से उठी इस आवाज का संदेश साफ है—हास्य के नाम पर आस्था का अपमान और मनोरंजन के नाम पर महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। अब सबकी निगाहें पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

error: Content is protected !!
Latest