क्राइम

कोरियन ऑनलाइन गेम का खौफनाक साइड इफेक्ट: तीन बहनों की नौवीं मंजिल से कूद कर सामूहिक आत्महत्या से दहला देश…

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे प्रदेश ही नहीं बल्कि देशभर को झकझोर कर रख दिया है। टीला मोड़ थाना क्षेत्र स्थित भारत सिटी सोसायटी में तीन सगी नाबालिग बहनों ने बिल्डिंग की नौवीं मंजिल से छलांग लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मृतक बच्चियों की पहचान निशिका (16 वर्ष), प्राची (14 वर्ष) और पाखी (12 वर्ष) के रूप में हुई है।

घटना देर रात करीब दो बजे की बताई जा रही है। सोसायटी में रहने वाले लोगों ने अचानक तेज आवाज सुनी, जिसके बाद बाहर निकलकर देखा तो तीनों बच्चियां नीचे गिरी हुई थीं। यह दृश्य देखकर लोगों के होश उड़ गए। तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों बहनें लंबे समय से एक ऑनलाइन टास्क-बेस्ड कोरियन गेम खेल रही थीं। परिवार के अनुसार, बच्चियां करीब एक साल से इस गेम की लत में थीं और अधिकांश समय मोबाइल पर ही व्यस्त रहती थीं। परिजन उन्हें बार-बार गेम खेलने से मना करते थे, लेकिन वे चोरी-छिपे मोबाइल का इस्तेमाल करती थीं।

बताया जा रहा है कि इस गेम में यूजर्स को अलग-अलग टास्क दिए जाते हैं, जिन्हें पूरा करते-करते वे मानसिक रूप से पूरी तरह प्रभावित हो जाते हैं। शुरुआती टास्क में परिवार से दूरी बनाना, अकेले रहना, मोबाइल छीने जाने पर रोना-धोना और खाना छोड़ देना शामिल है। अंतिम चरण में कथित तौर पर यूजर्स को आत्महत्या करने का टास्क दिया जाता है।

स्थानीय लोगों और परिजनों के मुताबिक, गेम के अंतिम स्टेज में बच्चियों को घरवालों से आखिरी बार मिलकर फोटो लेने और फिर एक कमरे में बंद होकर जान देने के लिए कहा गया था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं किसी ऑनलाइन गिरोह या साइबर क्राइम नेटवर्क का इसमें हाथ तो नहीं है।

इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर बच्चों में बढ़ती ऑनलाइन गेमिंग की लत और उसके खतरनाक परिणामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अभिभावकों को बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ उनसे खुलकर संवाद करना बेहद जरूरी है।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और मोबाइल फोन, चैट रिकॉर्ड व गेम से जुड़े डेटा खंगाले जा रहे हैं। तीन मासूम बहनों की मौत ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है और हर आंख नम है।

error: Content is protected !!
Latest