Homeक्राइममोबाइल झपटने के लिए रचा 'इमरजेंसी कॉल' का जाल, पुलिस ने 24...

मोबाइल झपटने के लिए रचा ‘इमरजेंसी कॉल’ का जाल, पुलिस ने 24 घंटे में दबोचे 6 आरोपी; बाइक और मोबाइल बरामद…

बिलासपुर। राहगीरों को इमरजेंसी में फोन करने का बहाना बनाकर रोकना और फिर उनका मोबाइल झपटकर फरार हो जाना—कोटा क्षेत्र में सक्रिय इस गिरोह की चाल आखिरकार पुलिस के सामने ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। घटना के महज एक दिन के भीतर कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए झपटमारी करने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया नथिंग कंपनी का मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

पुलिस के मुताबिक 24 जुलाई 2026 को ग्राम जोगीपुर निवासी 19 वर्षीय योगेश यादव ने थाना कोटा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 23 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे वह अपने साथी अमित बिरको के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। सूरजपुर पुल के पास स्पलेंडर बाइक पर सवार कुछ युवकों ने इमरजेंसी कॉल करने का बहाना बनाकर उन्हें रोका। जैसे ही उन्होंने मदद के लिए रुकने की कोशिश की, आरोपियों ने उनका मोबाइल झपट लिया और मोटरसाइकिल को लात मारकर गिरा दिया। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शशिकांत भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना, घटनास्थल और पीड़ित द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने राकेश उर्फ टार्जन पोर्ते, दिव्यांशु उर्फ कोल और तुषार साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने अपने अन्य साथियों अभय यादव, सुरेश पोर्ते और राहुल उर्फ भोला पोर्ते के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस ने आरोपी राकेश पोर्ते के कब्जे से लूटा गया नथिंग कंपनी का मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली। सभी छह आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(1) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राहगीरों को बहाने से रोककर झपटमारी करने वाले ऐसे गिरोहों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश गया है कि अपराध करने वालों को जल्द ही सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts