Homeक्राइमपिस्टल दिखाकर लूट और नकबजनी करने वाले गिरोह पर पुलिस का शिकंजा,...

पिस्टल दिखाकर लूट और नकबजनी करने वाले गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, मास्टरमाइंड समेत 6 आरोपी गिरफ्तार…

बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र में हथियार के दम पर लूट और नकबजनी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह पर कोटा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में गिरोह के मास्टरमाइंड समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का पूरा नेटवर्क उजागर किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोने का सामान, एक पिस्टल, छह मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल आर्टिका कार और मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस का दावा है कि दोनों घटनाओं में लूटे गए माल की 100 प्रतिशत बरामदगी की गई है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे चेतना विरुद्ध नशा एवं प्रहार अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में कोटा पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

पुलिस के मुताबिक 8 जुलाई 2026 को बेलगहना रेलवे स्टेशन से 7,430 रुपये की कलेक्शन राशि लेकर जा रहे रेलवे कर्मचारी को बड़े बराबर मोड़ के सलका डैम के पास अज्ञात आरोपियों ने निशाना बनाया था। बदमाशों ने कर्मचारी से बैग झपट लिया और उसे धक्का देकर गिरा दिया। मामले में थाना कोटा में अपराध क्रमांक 559/2026 धारा 304(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

इसके बाद 18 जुलाई 2026 को कोटा क्षेत्र में दूसरी वारदात ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी। पुलिस के अनुसार आरोपी बुर्का पहनकर राजकुमारी जायसवाल के घर में घुसे। आरोपियों ने मारपीट करते हुए एयरगन दिखाकर सोने के जेवरात लूट लिए। वारदात में तीन फल लॉकेट और दो गेहूं दाना समेत करीब 50 हजार रुपये कीमत के सोने के आभूषण लूटे गए थे।

दोनों घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ गवाहों के बयान लिए। इसी बीच मुखबिर से मिली महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर संदिग्धों पर नजर रखी गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने दबिश देकर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में पुलिस के सामने वारदात की पूरी साजिश सामने आई। पुलिस के मुताबिक राकेश जायसवाल इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड था। उसने अपने साथी दिव्यांशु जायसवाल और आदर्श तिवारी के साथ मिलकर दोनों वारदातों की योजना तैयार की थी।

वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों को हथियार की जरूरत थी। इसके लिए राकेश, दिव्यांशु और आदर्श ने सनी सिंह से पिस्टल मांगी। पुलिस के अनुसार सनी सिंह सभी को अपने साथ रीवा ले गया, जहां उसके भाई के माध्यम से पिस्टल हासिल की गई। हथियार मिलने के बाद आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से लूट की वारदातों को अंजाम दिया।

लूट के बाद माल को ठिकाने लगाने की भी आरोपियों ने पूरी व्यवस्था कर रखी थी। पुलिस के मुताबिक राकेश जायसवाल, आदर्श तिवारी और दिव्यांशु जायसवाल द्वारा लूटे गए सोने को हर्ष नामदेव की मदद से हर्ष सोनी तक पहुंचाया गया। हर्ष सोनी ज्वेलरी की दुकान चलाता है। पुलिस के अनुसार लूटे गए आभूषणों को बेचकर आरोपियों ने रकम हासिल की।

इस कार्रवाई में पुलिस ने एक पिस्टल, सोने के आभूषण, घटना में प्रयुक्त आर्टिका कार क्रमांक CG 10 BL 1645, प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 EN 4637 और छह मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में राकेश जायसवाल पिता अशोक जायसवाल उम्र 35 वर्ष निवासी मंझगांव, दिव्यांशु जायसवाल पिता स्वर्गीय संजय जायसवाल उम्र 24 वर्ष निवासी बिल्लीबंद, आदर्श तिवारी पिता स्वर्गीय देवनारायण तिवारी उम्र 26 वर्ष निवासी मौहारखार कोटा, हर्ष नामदेव पिता गौरीशंकर नामदेव उम्र 25 वर्ष निवासी कोटा, हर्ष सोनी पिता देवदत्त सोनी उम्र 24 वर्ष निवासी फिरंगीपाड़ा कोटा और सनी सिंह पिता सुनील सिंह उम्र 35 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 12 मस्जिदपारा कोटा शामिल हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर मेमोरेंडम कथन के आधार पर कार्रवाई की और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, सहायक उप निरीक्षक शिव कुमार साहू, सहायक उप निरीक्षक भरत राठौर, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक धर्मेंद्र साहू, आरक्षक संजय श्याम सहित थाना कोटा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने पुलिस टीम के कार्य की सराहना करते हुए पुलिसकर्मियों के लिए नगद इनाम की घोषणा की है। कोटा पुलिस की इस कार्रवाई से हथियार के दम पर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह को बड़ा झटका लगा है। खास बात यह है कि पुलिस ने सिर्फ वारदात करने वाले आरोपियों को ही नहीं पकड़ा, बल्कि हथियार की व्यवस्था से लेकर लूटे गए सोने को बेचने तक की पूरी कड़ी को भी उजागर कर दिया।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts