राजनीतिबिलासपुर

11.46 करोड़ के विकास कार्यों से बदलेगी सीपत क्षेत्र की तस्वीर, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने किया 28 कार्यों का लोकार्पण, 12 नए कार्यों का भूमिपूजन…

एनटीपीसी सीपत की बड़ी पहल, नौ ग्राम पंचायतों में पहुंचेगा विकास का लाभ; तालाबों के जीर्णोद्धार से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर जोर

बिलासपुर। परियोजना प्रभावित गांवों के विकास को नई रफ्तार देने के लिए एनटीपीसी सीपत ने 11.46 करोड़ रुपये की बड़ी सौगात दी है। नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत शनिवार को ग्राम पंचायत सीपत में आयोजित समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने 5.22 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हो चुके 28 विकास कार्यों का लोकार्पण किया, वहीं 6.24 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित 12 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन कर निर्माण की नींव रखी।

एनटीपीसी सीपत की यह पहल परियोजना प्रभावित गांवों में विकास की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस योजना के तहत सीपत, जांजी, कर्रा, कौड़िया, रलिया, देवरी, रांक, गतौरा और लुतरा सहित नौ ग्राम पंचायतों को विकास कार्यों का लाभ मिलेगा। लंबे समय से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की जरूरत महसूस की जा रही थी। ऐसे में करोड़ों रुपये की यह पहल ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार लाने की उम्मीद जगाती है।

सीएसआर के तहत कराए गए विकास कार्यों में आधारभूत संरचना का विकास, तालाबों का जीर्णोद्धार तथा शिक्षा और स्वास्थ्य से संबंधित सुविधाओं का विस्तार शामिल है। इन कार्यों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं को मजबूत करने के साथ स्थानीय लोगों को बेहतर जीवन परिस्थितियां उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने एनटीपीसी सीपत द्वारा परियोजना प्रभावित क्षेत्रों में किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने सीएसआर के माध्यम से क्षेत्रीय विकास में एनटीपीसी के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।

मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया ने कहा कि क्षेत्र का विकास ही देश का विकास है। एनटीपीसी सीपत बुनियादी सुविधाओं के विस्तार में लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों को एक मंच पर आमंत्रित करने के लिए एनटीपीसी का आभार भी व्यक्त किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने कहा कि सीएसआर के माध्यम से किए जा रहे विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा। वहीं पूर्व विधायक डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी ने एनटीपीसी के प्रयासों की सराहना करते हुए कौशल विकास और सामाजिक विकास से जुड़ी योजनाओं को और गति देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

एनटीपीसी सीपत के परियोजना प्रमुख विजय शंकर दुबे ने सीएसआर के तहत संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि एनटीपीसी क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विकास कार्यों को आगे भी निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य अरुणा सूर्या एवं राजेन्द्र धीवर, जनपद पंचायत अध्यक्ष सरस्वती देवी, जनपद पंचायत सदस्य मनोज खरे, उषा देवी कैवर्त, रेवाशंकर साहू, मंजु देवी कुर्रे एवं अंजनी पटेल सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

एनटीपीसी सीपत की 11.46 करोड़ रुपये की यह विकास पहल निश्चित रूप से परियोजना प्रभावित गांवों के लिए महत्वपूर्ण है। हालांकि इन योजनाओं की असली सफलता तभी मानी जाएगी, जब सभी कार्य तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे हों और उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

error: Content is protected !!
Latest