Homeक्राइमपुलिस का बड़ा एक्शन:  813 कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप; चाकू, हथियार,...

पुलिस का बड़ा एक्शन:  813 कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप; चाकू, हथियार, नशा और उपद्रव पर सीधी नजर…

बिलासपुर। गणेश उत्सव से लेकर नवरात्रि, दशहरा और दीपावली तक शहर में त्योहारों का माहौल रहेगा, लेकिन इस बार कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के लिए बिलासपुर पुलिस ने पहले ही सख्त संदेश दे दिया है। पुलिस ने त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले अपराधियों, निगरानी गुंडा-बदमाशों, चाकूबाजों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सघन अभियान छेड़ दिया है। 1 से 15 सितंबर तक चले अभियान में जिलेभर में कुल 813 कार्रवाई की गई हैं।

सबसे ज्यादा फोकस हथियार, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और पुराने वारंटों की तामिली पर रहा। आर्म्स एक्ट के तहत 73 कार्रवाई कर पुलिस ने हथियार लेकर घूमने वालों पर शिकंजा कसा, जबकि BNSS की धारा 170 के तहत 131 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इसके अलावा धारा 126 और 135(3) BNSS के तहत 302 कार्रवाई कर ऐसे लोगों पर कानूनी शिकंजा कसा गया, जिनसे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी।

पुराने मामलों में फरार चल रहे आरोपियों तक पहुंचने के लिए भी पुलिस ने अभियान तेज किया। कार्रवाई के दौरान 83 स्थाई वारंट और 109 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। यानी पुलिस ने सिर्फ सड़कों पर चेकिंग तक अभियान सीमित नहीं रखा, बल्कि न्यायालयीन मामलों में लंबित वारंटों को भी प्राथमिकता के साथ निपटाया।

निगरानी गुंडा-बदमाशों पर भी पुलिस की पैनी नजर है। जिले के 73 निगरानी गुंडा-बदमाशों के खिलाफ बाउंड ओवर की कार्रवाई की गई है। पुलिस का मकसद साफ है कि त्योहारों की भीड़ और धार्मिक आयोजनों की आड़ में पुराने अपराधी या उपद्रवी तत्व माहौल बिगाड़ने का मौका न पा सकें।

चाकूबाजी और हथियारों के साथ-साथ नशे के खिलाफ भी कार्रवाई तेज की गई है। आबकारी एक्ट के तहत 7 कार्रवाई और एनडीपीएस एक्ट के तहत एक कार्रवाई की गई। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत 30 कार्रवाई की गई, जबकि सड़क पर स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ 4 कार्रवाई दर्ज की गई।

त्योहारी सीजन में भीड़ बढ़ने और बड़ी संख्या में धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में चेकिंग और पेट्रोलिंग बढ़ाई जा रही है। पुलिस की निगरानी अपराधियों के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन, चाकूबाजी, नशे का कारोबार, स्टंटबाजी और उपद्रव करने वालों पर रहेगी।

बिलासपुर पुलिस ने साफ कर दिया है कि त्योहारों की आड़ में कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। धार्मिक आयोजन हों या सामाजिक कार्यक्रम, पुलिस का फोकस शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल बनाए रखने पर है।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी संदिग्ध गतिविधि, हथियार के प्रदर्शन, नशे के कारोबार या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। त्योहारों की खुशियों के बीच हुड़दंग और अपराध की कोई जगह नहीं होगी—बिलासपुर पुलिस का यह अभियान आने वाले दिनों में भी लगातार जारी रहेगा।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts