बिलासपुर। ग्राम पिरैया में अरपा नदी के किनारे टेंट और तिरपाल लगाकर खुलेआम जुए की महफिल सजाना चार जुआरियों को भारी पड़ गया। चकरभाठा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्रामीण वेशभूषा में दबिश देकर जुआ खेल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कुछ जुआरी मौके से भागने में सफल रहे, जबकि घेराबंदी कर चार आरोपियों को पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम पिरैया में अरपा नदी के किनारे लंबे समय से संगठित तरीके से 52 पत्ती ताश पर हार-जीत का दांव लगाए जाने की सूचना मिल रही थी। इसी बीच 18 अगस्त 2026 को थाना चकरभाठा पुलिस को सूचना मिली कि नदी किनारे टेंट लगाकर जुए की फड़ सजाई गई है और बड़ी रकम का दांव चल रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक भावेश शेंडे ने तत्काल पुलिस टीम गठित की।
पुलिस टीम ने अपनी पहचान छिपाने के लिए ग्रामीण वेशभूषा धारण की और मुखबिर के बताए स्थान पर पहुंचकर चारों ओर से घेराबंदी की। जैसे ही पुलिस ने जुए की फड़ पर दबिश दी, वहां अफरा-तफरी मच गई। कई जुआरी पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मलेश साहू पिता रामभरोस साहू उम्र 25 वर्ष, संदीप भारद्वाज पिता साहेबलाल भारद्वाज उम्र 26 वर्ष, साहिल घोषले पिता सोनदास घोषले उम्र 19 वर्ष, तीनों निवासी ग्राम पिरैया थाना चकरभाठा, तथा चंद्रप्रकाश भार्गव पिता शिवनारायण भार्गव उम्र 42 वर्ष निवासी दुर्गडीह थाना बिल्हा के रूप में हुई है।
पुलिस ने जुआरियों के कब्जे और मौके से 15,730 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश, प्लास्टिक की बोरी फट्टी, पीले रंग की तिरपाल, मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 BY 6140 होंडा एसपी साइन, तीन विवो मोबाइल और एक ओप्पो मोबाइल जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 95,730 रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अन्य फरार आरोपियों के साथ मिलकर संगठित तरीके से जगह बदल-बदलकर जुआ खिलाते और खेलते थे। इस खुलासे के बाद पुलिस ने मामले में धारा 112 बीएनएस भी जोड़ी। आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 492/2026, धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 एवं धारा 112 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।
चकरभाठा पुलिस की यह कार्रवाई सिर्फ एक जुआ फड़ पर दबिश तक सीमित नहीं मानी जा रही है, बल्कि नदी किनारे टेंट लगाकर संगठित रूप से जुए का कारोबार चलाने वालों के लिए कड़ा संदेश भी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में संगठित अपराध और अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश कुमार जोशी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक भावेश शेंडे और पुलिस टीम द्वारा की गई।
गिरफ्तार चारों आरोपियों को विधिवत कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस अब मौके से फरार हुए अन्य जुआरियों की पहचान और तलाश में जुटी है।
चकरभाठा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की जुआ, सट्टा, नशा या अन्य अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल 112, पुलिस कंट्रोल रूम अथवा थाना चकरभाठा को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


